वाहन चोर पकड़ा,दो एक्टिवा व एक बाइक बरामद

Oct 28 2024

ग्वालियर। मुरार व महाराजपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक वाहन चोर जड़ेरूआ बांध के पास से पकड़ा है। पकड़े गए वाहन चोर से पुलिस ने चोरी की गई दो एक्टिवा व एक बाइक बरामद की है। पुलिस से बचने के लिए वाहन चोर महाराजपुरा से जड़ेरूआ तक भागा और पुलिस भी उसके पीछे लगी रही। अब पुलिस पकड़े गए चोर से पूछताछ करने में जुट गई है।
टीआई मुरार मदन मोहन मालवीय व टीआई महाराजपुरा धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि कुछ दिनों से एक चोर की सूचना आ रही थी कि वह वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इसका पता चलते ही दोनों ही थानों की पुलिस चोर की पड़ताल में जुट गई और मुरार थाने में लगाए गए जनभागीदारी के सीसीटीवी कैमरों से पता चला कि चोरी करने वाला नरेन्द्र उर्फ संडू पुत्र नारायण सिंह कुशवाह निवासी सुरैयापुरा र्है। पुलिस जब उसकी तलाश में घर पहुंची तो वह गायब मिला। इसके बाद से ही पुलिस उसे तलाश रही थी। 
बीती रात नरेन्द्र महाराजपुरा इलाके में चोरी करने के लिए पहुंचा तो वहां पर आरक्षक धु्रव गुर्जर, भीकम सिंह और जसवीर की नजर उस पर पड़ी तो वह उसके पीछे लग गए। पुलिस को पीछे देखकर नरेन्द्र ने अपनी एक्टिवा मुरार की तरफ मोड़ दी। उसे भागते देखकर पुलिस ने मुरार थाना पुलिस को अलर्ट किया तो मुरार थाने से एएसआई भानू प्रताप, प्रधान आरक्षक प्रेमचंद, हरेन्द्र ङ्क्षसह, हरवीर, दिनेश, आरक्षक संजय गुर्जर, योगेन्द्र सिंह, अनिल व्यास और आरक्षक राजेश परिहार ने घेराबंदी की और चोर को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में चोर ने बताया है कि वह सबसे ज्यादा एक्टिवा चोरी करना पसंद करता है, क्योंकि इन चोरी के वाहनों से ही वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। जिससे पुलिस उसके पास तक नहीं पहुंच पाए। अभी पंद्रह दिन पहले ही वह जेल से छूटा है और उसे पांच चोरी के वाहनों के साथ पुलिस ने पकड़ा था।