हमारे पूर्वजों ने देश व संस्कृति की रक्षा के लिए बलिदान देकर शौर्य का इतिहास रचा: तोमर

Oct 27 2024

ग्वालियर। हमारे पूर्वजों ने देश व संस्कृति की रक्षा के लिए बलिदान देकर शौर्य का इतिहास रचा है। इस पर हम सभी को गर्व है। युवा पीढ़ी अपने पूर्वजों की समाज के प्रति उदारता, सेवा भावना एवं संघर्ष को अपने भीतर आत्मसात करे। इस आशय का आह्वान विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने राजपूत हितकारिणी सभा द्वारा आयोजित दशहरा मिलन समारोह में मौजूद क्षत्रिय समाज के युवाओं से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने की। आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर एवं शमी व शस्त्र पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 
राजपूत छात्रावास में आयोजित हुए दशहरा मिलन समारोह में समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का वर्चुअल संदेश का प्रसारण भी हुआ। मुख्य वक्ता पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, संत कृपाल सिंह, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर, पूर्व विधायक घनश्याम सिंह व भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौहान मंचासीन थे।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भगवान राम हमारे आदर्श  हैं और उन्होंने शबरी के झूठे बेर खाकर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने भारत के प्राण संस्कृति में बसते हैं, इसलिए तमाम संघर्षों के बाबजूद हजारों वर्ष से हमारी संस्कृति अक्ष्क्षुण हैं। स्वागत उदबोधन नरेन्द्र सिंह सिकरवार ने दिया। राजपूत हितकारिणी सभा का प्रगति प्रतिवेदन उाम सिंह कुशवाह ने प्रस्तुत किया। संचालन अंशु भदौरिया द्वारा किया गया। 
कार्यक्रम में तलवार बाजी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता अनुष्का भदौरिया व सिल्वर मैडल विजेता प्रार्थना राजावत, चिकित्सा के क्षेत्र में अनुकृति सिकरवार, शिक्षा में भूमि पवार, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी में अपूर्वा जादौन, उद्योग के क्षेत्र में सोबरन सिंह तोमर व सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली लगभग दो दर्जन विभूतियों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया।