एमआईटीएस डीम्ड यूनिवर्सिटी में दो दिवसीय छठवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आज से

Oct 25 2024

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान डीम्ड यूनिवर्सिटी में 26 और 27 अक्टूबर को दो दिवसीय छठवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सस्टेनेबल एंड इनोवेटिव सॉल्यूशंस फॉर करंट चैलेंजेस इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (आईसीएसआईएससीईटी-2024) का आयोजन हो रहा है। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि इस सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 26 अक्टूबर को आयोजित होगा, जिसमें उच्च तकनीकी शिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों के लिए स्थायी और नवाचारी समाधानों पर विचार-विमर्श करना है। इस सम्मेलन में इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी में प्रासंगिक मुद्दों, पर्यावरणीय स्थिरता, और नवाचार पर ध्यान केंद्रित किया गया है। देश और विदेश से आए शोधकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और शिक्षाविद इस मंच पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे, जिससे वैश्विक स्तर पर ज्ञान और विचारों का आदान-प्रदान होगा।
सम्मेलन के मुख्य संरक्षक प्रो. केके अग्रवाल प्रो चांसलर एमआईटीएस व संरक्षक के रूप में डॉ. आरके पंडित कुलपति एमआईटीएस हैं। इस आयोजन की संयोजक डॉ. मंजरी पंडित एमआईटीएस, ऑर्गेनाइजिंग चेयर डॉ. आरएस जादोन प्रॉक्टर एमआईटीएस और जनरल चेयर के रूप में डॉ. एमके गौर एमआईटीएस, डॉ. संदीप कुमार क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बेंगलुरु अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह सम्मेलन सॉफ्ट कंप्यूटिंग रिसर्च सोसाइटी, मल्टीडिसिप्लिनरी लर्निंग एंड रिसर्च क्लब (एमआईटीएस, डीम्ड यूनिवर्सिटी) और आईईईई पीईएस एमआईटीएस स्टूडेंट चैप्टर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के तहत विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें पर्यावरणीय स्थिरता, ऊर्जा के कुशल उपयोग, उन्नत निर्माण तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, और नवाचारों पर प्रमुख चर्चाएं की जाएंगी।