कबाड़ कारोबारी ने कर्ज लौटाने से बचने बीवी के साथ मिलकर रची थी झूठी कहानी, बीवी ने ही बांधे थे हाथ-पैर

Oct 24 2024

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के किशनबाग निवासी कबाड़ कारोबारी शाकिर खान के घर गत रात हुई डकैती में बड़ा खुलासा हुआ है। शाकिर द्वारा बताई गई सनसनीखेज डकैती की कहानी झूठी निकली। पुलिस पूछताछ में शाकिर ने कर्ज लौटाने से बचने के लिए बीवी के साथ मिलकर डकैती की कहानी रची थी।
कबाड़ कारोबारी शाकिर खान ने पुलिस को बताया कि वह बीवी के साथ दो महीने से डकैती की प्लानिंग कर रहा था। प्लानिंग पूरी होने पर उसने अपनी बीवी से अपने हाथ-पैर नायलॉन की रस्सी से बंधवाए थे। फिर एक सुतली के टुकड़े की मदद से कमरे की कुंडी लगा ली थी। इसके बाद उसने रात करीब 3 बजे अपने रिश्तेदारों को फोन किया और झूठी लूट की कहानी बताई। 
इसके बाद मामला दर्ज करवाने के लिए पुलिस को गुमराह किया। उसने बताया कि वह 24 लोगों के समूह की पत्ती चलता है और उन्हीं लोगों के पैसे उसे लौटाने थे। लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे, उसे पैसे नहीं लौटाना पड़े इसलिए उसने पांच बदमाशों द्वारा घर में घुसकर लूट की झूठी कहानी रची थी।
बता दें कि शुरुआत से ही शाकिर की सुनाई कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस घटना को झूठा मान रही थी। जिसके लिए पुलिस ने हर एंगल पर मामले की जांच की थी, आखिरकार पुलिस पूछताछ में शाकिर टूट गया और उसने पत्नी के साथ मिलकर डकैती की झूठी कहानी रचने की बात कबूल ली।
इस मामले में एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि लोगों का पैसा न लौटाना पड़े इसके लिए शाकिर और उसकी बीवी बीते डेढ़-दो महीने से प्लानिंग कर रहे थे। जिससे डकैती का मामला दर्ज हो जाए। रिश्तेदारों को पता चल जाए और वह लोगों को पैसे देने से बच जाए। शाकिर पर घर बेचने की नौबत आ गई थी। इस झूठी कहानी को ढाल बनाकर वह मकान बेचने से बचना चाहता था।