चलती स्कूटी में आग लगी, दो छात्रों ने कूदकर बचाई जान

Oct 23 2024

ग्वालियर। सडक़ पर चलती स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी में आग लगता देख उसमें सवार दोनों छात्रों ने कूदकर जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते स्कूटी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझने के बाद पहुंची। आसपास के घरों में मौजूद लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। आग स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने के चलते लगी है।
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महल गांव संस्कार स्कूल के पास स्कूटी क्रमांक एमपी 07 एस 7239 पर सवार होकर दो छात्र स्कूल जा रहे थे, तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकालने लगा। स्कूटी से धुआं निकलता देख छात्रों ने स्कूटी को सडक़ किनारे खड़ा कर जैसे ही डिग्गी खोली उससे आग की लपटें निकलने लगी। कुछ ही देर में तेज आग की लपटों से स्कूटी जलकर खाक हो गई।
इस दौरान स्कूटी पर रखा छात्र का स्कूल बैग भी जल गया। सडक़ पर जलती स्कूटी को देखकर राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग बुझने तक दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंची। वहां मौजूद लोगों ने स्कूटी पर धूल मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया।