सीसीटीवी से मंगलसूत्र लुटेरों तक पहुंची पुलिस, दो आरोपी पकड़े

Oct 18 2024

ग्वालियर। जन भागीदारी से मुरार के बाजारों में लगे कैमरे लगाना सार्थक हो रहा है, पुलिस ने इन कैमरों की मदद से महिला से मंगलसूत्र लूटते दो लुटेरों की पहचान की और दतिया तक पीछा कर पकड़ लिया है। पुलिस पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ में लग गई है और कुछ अन्य वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद कई अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।
मुरार थाना प्रभरी मदन मोहन मालवीय ने बताया कि नाका चंद्रवदनी शंकर चौक नहर वाली माता मंदिर के पास रहने वाली बाइस वर्षीय प्रशिंका साहू पत्नी कुनाल साहू का मायका मुरार भोला चौक तिकोनिया मुरार पर है। कुछ दिन पहले वह मायके आई थी और गत 11 अक्टूबर की रात नौ बजे सौदागर संतर में माता के दर्शन कर वह पैदल-पैदल घर जा रही थी। अभी वह अग्रसेन चौराहा स्थित नारायण दास ट्रेडिंग कंपनी के पास पहुंची थी कि तभी एक बाइक पर दो युवक उसके पास से गुजरे, कुछ आगे जाने के बाद वह वापस आए और उसके बगल में आते ही पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारा और उसके गले से डेढ़ तोला वजनी सोने का हार झपट लिया। वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बाइक सवारों ने अपनी बाइक को गति दे दी। बदमाशों को हार लूटकर ले जाते देखकर उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले।
पुलिस ने जांच की और जनभागीदारी से मुख्य बाजारों में लगाए गए कैमरे खंगाले तो बदमाशों के फुटेज मिल गए और पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच की और उनका रूट बनाया तो पुलिस दतिया जा पहुंची और बदमाशों की जानकारी जुटाई तो पता चला कि बदमाश तो किसी काम से ग्वालियर गए हैं। इसका पता चलते ही पुलिस वापस आई और रामलीला मैदान के पास से बदमाशों को पकड़ लिया।
पुलिस हिरासत में आए बदमाशों से पूछताछ की तो उनकी पहचान विकास वाल्मीकि पुत्र कल्लू वाल्मीकि उम्र 25 साल निवासी मगरोल थाना डिपर जिला दतिया तथा हरिओम कुशवाहा पुत्र गोविंद कुशवाहा उम्र 28 वर्ष निवासी मांगरोल दतिया के रूप में हुई।
वहीं पुलिस पूछताछ में पता चला है कि महिला की रेकी नितिन वाल्मीकि ने की थी अब पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है। वहीं पकड़े गए बदमाशों से एक अन्य घटना का खुलासा हुआ है। अब पुलिस अफसर उनसे पूछताछ कर अन्य घटनाओं का खुलासा करने में लग गए हंै।