हाथ धोना बहुत छोटी बात है, परन्तु मानव शरीर के लिये अत्यंत महत्वपूर्ण है:स्वामी गोपाल दास

Oct 16 2024

ग्वालियर। समाज को चुस्त व तंदुरस्त रखने के लिये प्रत्येक व्यक्ति को सजग होकर स्वस्थ रहना होगा। हाथ धोने की बात बहुत छोटी है, पर इसकी महत्ता बहुत अधिक है। हमारे शरीर में बीमारियों की मुख्य वजह ही स्वच्छता का ध्यान न रखना है। अब जरूरी है कि छोटे बच्चों को हाथ धोने की आदतों को अपने जीवन में निरंतर अपनायें। यह बात महाराज गोपाल दास ने कही। माधव महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस का कार्यक्रम माधव महाविद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि स्वामी गोपाल दास महाराज, विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज अवस्थी, अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. शिवकुमार शर्मा, डॉ. संजय कुमार पाण्डेय एवं डॉ. विकास शुक्ला उपस्थित थे।
स्वामी गोपालदास ने बताया कि जिस प्रकार हम शौच के बाद साबून से हाथ को अच्छी तरह घोते हैं, उसी प्रकार हम कुछ भी खाने से पूर्व अपने हाथों को अच्छी तरह से धोयें जिससे हमारा स्वास्थ अच्छा रहेगा और हम कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से बचे रहेंगे। स्वच्छता हमारी दिनचर्या बन जानी चाहिये।
डॉ. शिवकुमार शर्मा ने कहा कि कई बच्चे कुपोषण का शिकार हो जाते हैं क्योंकि उनको बेहतर चिकित्सा सुविधा समय पर नहीं मिल पाती है और जानकारी के अभाव में इस बीमारी से बाहर नहीं निकल पाते हैं जिसकी मुख्य जड़ गंदगी का हमारे शरीर में प्रवेश करना है। प्रतिदिन हम बच्चों में हाथ धोने की आदतों को डालने का कार्य करें। हाथ धोने के पाँच तरीकों को डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने स्वयंसेवकों को बताया और साथ ही साथ हाथ धुलाने का कार्य भी कराया।
कार्यक्रम में प्राध्यापक डॉ. दीपक शिंदे, आशुतोष पालीवाल, रौनक द्विवेदी, भूमि गुप्ता, मोनिका, अंजली कुशवाह, दिया अग्रवाल, नकुल शर्मा, हेमन्त अग्रवाल, शिवम गुर्जर, जुनैद खान, नीरज कुशवाह शिव बाथम आदि लोग उपस्थित थे।