फ्लैट के बेडरूम में मिली मां-बेटी की लाशें, सीसीटीवी में दिखे दो संदेही

Oct 15 2024

ग्वालियर। एक फ्लैट में मां-बेटी की हत्या कर दी गई। दोनों के शव मंगलवार सुबह 11 बजे बेडरूम में मिले। बेडरूम का सामान बिखरा पड़ा है। पुलिस ने गला घोटकर या तकिए से मुंह दबाकर हत्या की आशंका जताई है। 
गार्डन होम्स सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 322 में रहने वाली 72 साल की इंदुपुरी और उनकी 57 साल की बेटी रीना भल्ला का शव मिला है। मंगलवार को घर में काम करने वाली मेड वहां पहुंची। दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचते ही जो दृश्य सामने था उसे देखकर उसकी चीख निकल गई। मां का शव बेड पर और बेटी का शव जमीन पर पड़ा था। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
आईजी अरविंद सक्सेना, एसपी धर्मवीर सिंह, फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तो एक दो युवक सीढिय़ों से उतरते नजर आ रहा है। पुलिस अन्य स्पॉट पर भी सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस ने बताया कि सोसाइटी के बाहर महिलाओं की ग्रोसरी शॉप है। रविवार शाम 4 बजे दुकान बंद करने के बाद वह घर पहुंच गई थीं। इसके बाद हत्या करने वाले अंदर पहुंचे। घटनास्थल देखकर ऐसा लगता है कि हमलावरों ने सबसे पहले रीना पर हमला किया। बचने के लिए रीना ने संघर्ष किया। इस दौरान वह बेड से नीचे गिरी और माथे पर चोट लगी। यहां बदमाशों ने गला दबाकर या तकिए से मुंह दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद बेड पर यह सब देख रहीं बुजुर्ग मां इंदुपुरी की हत्या की गई। हत्या के बाद बदमाशों ने घर में रखे गहनों और अन्य सामान को खंगाला है।
रीना सोसाइटी के बाहर ग्रोसरी शॉप चलाती हैं। यहां वह शाम को 4 से 5 बजे तक रहती हैं और फिर घर पर समय देती हैं। ग्रोसरी शॉप पर तीन से चार लडक़े काम करते हैं, जो टाउनशिप और आसपास की मल्टी में होम डिलीवरी देते हैं। रविवार शाम करीब 4 बजे रीना अपने घर पहुंच गई थीं, लेकिन उसके बाद किसी ने उनके घर से कोई हलचल नहीं सुनी। मंगलवार सुबह जब उनके घर की मेड काम के लिए पहुंची तो दरवाजा खुला हुआ था। वह घर से भी ग्रोसरी की होम डिलीवरी देती थीं। इसलिए अकसर दरवाजा खुला रहता था। जब मेड अंदर पहुंची तो दृश्य दिल दहला देने वाला था। घर में बेडरूम में सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक रीना भल्ला का हंसता-खेलता परिवार था। किसी चीज की कोई कमी नहीं थी। गार्डन होम्स के फेज दो में डेली नीड्स के नाम से इनकी शॉप है। इस दुकान में यह व्यस्त रहती थीं। सोसाइटी के ज्यादातर लोग रोजमर्रा की जरूरतों का सामान इनकी दुकान से ही खरीदते थे।
इंदुपुरी की दो बेटियां हैं। एक बेटी रीना भल्ला और दूसरी डोली, जो पास ही रहती है। घटना का पता चलते वह स्पॉट पर पहुंच गई थी। रीना की एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है और वह अभी दिल्ली में रहती है। दिल्ली में रहने वाली बेटी ने कुछ समय पहले ही जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है। रीना कुछ समय उसके पास दिल्ली रहने के बाद ग्वालियर लौटी थीं।
विश्वविद्यालय थाना पुलिस व फोरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव स्पॉट पर पहुंचे। पहले मामला खुदकुशी का लग रहा था, लेकिन जब फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जांच की तो मामला हत्या का पता चला। दोनों महिलाओं की मौत दम घुटने से हुई है। महिलाएं उम्रदराज थीं लेकिन वो जितना संघर्ष कर सकती थीं उससे ज्यादा किया है।
पुलिस के मुताबिक बेडरूम में बिखरे पड़े सामान को देखकर लगता है कि मां-बेटी ने हत्यारों से संघर्ष किया था। उनकी मौत सांस रुकने की वजह से हुई है। ये हत्या और लूट की घटना होना प्रतीत हो रहा है। 
पुलिस ने उनके ब्लॉक के सीसीटीवी के फुटेज खंगाले तो दो युवक सीढिय़ों उतरते हुए नजर आए। यह दो युवक भी पुलिस के टारगेट पर आ गए हैं। पुलिस जानना चाह रही है कि युवक कौन हैं। वे इमारत के रहने वाले हैं या फिर वारदात में शामिल कोई और हैं।