एनसीसी ओटीए ग्वालियर में 75 दिवसीय प्री-कमीशन कोर्स प्रारंभ

Oct 11 2024

ग्वालियर। एनसीसी ओटीए ग्वालियर में 75 दिवसीय प्री-कमीशन (सीनियर विंग) कोर्स प्रारंभ हुआ जिसमें सम्पूर्ण देश के 17 निदेशालयों से आर्मी, नेवल विंग तथा एयर फोर्स की लगभग 103 आर्मी महिला प्रशिक्षिका, 6 नेवल विंग महिला प्रशिक्षिका, 9 एयर विंग महिला प्रशिक्षिका तथा 32 बालिका कैडैट अनुदेशकों ने उपस्थिति दर्शाई। इन्हें तीन माह के कडे प्रशिक्षण को पूर्ण करना होगा।
 जिसमें उन्हे शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, मेप रीडिंग, आउटडोर अभ्यास, हथियारों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन पाठ्यक्रम गतिविधियों के अतिरिक्त अन्य कियाकलापों में व्यक्तित्व विकास केपसूल तथा इनमें एकता व अनुशासन की भावना जागृत करने के लिये सांस्कृति कार्यक्रम, राष्ट्रीय एकीकरण जागरूकता कार्यकम भी चलाए जाएंगे।
कोर्स के पहले दिन सभी ट्रेनीस को अकादमी का भ्रमण करवाया गया एवं ट्रेनिंग ब्रीफ एवं एड्म ब्रीफ द्वारा कोर्स के बारे में बताया गया। फिर अकादमी के कमांडेंट ब्रिगेडियर जितेन्द्र शर्मा द्वारा ओपनिंग एड्रेस दिया गया।
75 दिवसीय के कोर्स की समाप्ति पर कोर्स को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात् दीक्षांत परेड में समस्त ट्रेनीस को कमीशन प्रदान किया जाएगा। कोर्स में श्रेष्ठ प्रशिक्षार्थियो तथा गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली ट्रेनीस को पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे।
एनसीसी जैसे विशाल तथा अद्वितीय संगठन को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से चलाना, एक चुनौती भरा काम होता है जिसे सेना के नियमित सदस्यों तथा एनसीसी अफसर मिल कर अंजाम देते हैं।
अफसर प्रशिक्षण अकादमी ग्वालियर सम्पूर्ण देश में एकमात्र ऐसा संस्थान है जो महिला अफसर, सहायक एनसीसी अफसर तथा बालिका कैडेट्स अनुदेशक को प्रशिक्षित करती है। इस अकादमी में दिये गए प्रशिक्षण का उद्देश्य एनसीसी अफसर को वे आवश्यक कुशलताएं प्रदान करता है जिनके द्वारा वे एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्र के जिम्मेदार, अनुशासित तथा कुशल नागरिक बना सकें।