12 अक्टूबर को दशहरे पर फूलबाग और डीडी नगर में जलेंगे 65 फुट के रावण

Oct 11 2024

ग्वालियर। दशहरे को भगवान राम ने रावण का वध किया था। वहीं मां देवी दुर्गा ने नौ रात्रि एवं दस दिन के युद्ध के उपरांत महिषासुर पर विजय प्राप्त की थी। दशहरे को असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाया जाता है। इस वार आश्विन माह के शुक्ल पक्ष में 12 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा। 
शहर के फूलबाग और डीडी नगर में 65 फुट व थाटीपुर चौराहा में 55 फुट और रेलवे कॉलोनी में 50 फुट तक के रावण का दहन किया जाएगा। वहीं जीवाजी क्लब में 35 फीट का पुतला जलाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के गली और मोहल्लों में तीन से पंद्रह फीट के रावण का दहन किया जाएगा।
दशहरा मनाने बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बाजार में रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों की दुकानों पर गली-मोहल्लों के बच्चों का ग्रुप पहुंचकर पुतले खरीद रहा है। 
गंगादास की शाला में चलेगी तोप
लक्ष्मीबाई कॉलोनी पड़ाव स्थित सिद्धपीठ गंगादास की बड़ी शाला में दशहरा धूमधाम व शस्त्र पूजन करके मनाया जाएगा। शाला के महंत रामसेवक दास महाराज के सानिध्य में अंचल के साधु-संत शाला पर एकत्रित होकर 1857 में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साथ अंग्रेजों से लड़ते हुए शहीद हुए संतों के शस्त्रों के हथियारों बरछी, कृपाण, कटारी, तलवार, चिमटे आदि का पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्राचीन तोप भी चलाई जाएगी।
शाला में परंपरागत रूप से निर्मोही, निर्वाणी और दिगंबर अखाड़े के निशानों का पूजन भी किया जाएगा। इसके बाद साधु संत शाला परिसर में शस्त्र संचालन का हैरतअंगेज प्रदर्शन करेंगे।