उदभव उत्सव 15 से, बुल्गारिया एवं अरमेनिया के राजदूत करेंगे शिरकत

Oct 11 2024

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से 19वें उदभव उत्सव का आयोजन 15 से 18 अक्टूबर तक ग्वालियर में किया जाएगा। जिसमें देश के विभिन्न प्रदेशों के साथ नीदरलैण्ड, अर्मेनिया, बुल्गारिया, किर्गिस्तान, श्रीलंका के कलाकार अपनी संस्कृति की छटा बिखेरेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ जीवाजी लब में 15 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे बुल्गारिया के भारत में राजदूत यानकोव निकोलाय करेंगे। 
18 अक्टूबर को समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार होंगे। प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि अरमेनिया के राजदूत वाहग्न आयान तथा गृह निर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष आशुतोष तिवारी उपस्थित रहेंगे।
उदभव के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय ने बताया कि आयोजन के शुभारंभ समारोह में नीदरलैण्ड का प्रतिष्ठित डांस गु्रप फॉल्कलोरिस्टिक डांस गु्रप हैलेनडूर्न, अरमेनिया के येरेवान से गोल्ड स्टार्स डांस स्टूडियो, बुल्गारिया के पर्निक रीजन से सुरवाकर ग्रुप डोल्ना सैकीर्ना तथा बुल्गेरिया के ही हास्कोवो शहर से फोल्क डांस ग्रुप वेसैली, किर्गीस्तान के बिशकेक शहर से फोल्कलोर ग्रुप ऐडिस, श्रीलंका के कैगाले से सारासावी डांस इण्स्टीट्यूट अपने-अपने देशों की संस्कृतियों की प्रस्तृतियां देंगे।
उदभव उत्सव का शुभारंभ 15 अक्टूबर अपरान्ह 2 बजे से एक भव्य कार्निवाल के साथ होगा, जिसमें सभी भारतीय एवं विदेशी दल मेडिकल ऑडिटोरियम से अपनी प्रस्तुतियां देते हुए थीम रोड से होकर जीवाजी क्लब पहुंचेंगे। जहां भव्य समारोह का आगाज होगा। कार्निवाल में देशी-विदेशी दलों की पारंपरिक पोशाकें तथा उनके द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले लोक नृत्य शहरवासियों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
दूसरे दिन 16 अक्टूबर को आईआईटीटीएम में समूह नृत्य तथा 17 को एकल प्रस्तुतियां होगी। 18 अक्टूबर को भव्य गाला नाइट कृषि विश्वविद्यालय में होगा, जिसमें चयनित भारतीय दल एवं विदेशी दलों के मध्य इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए मुकाबला होगा।