मद्य निषेध दिवस के अवसर पर नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन

Oct 04 2024

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा महात्मा गाँधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। मद्य निषेध सप्ताह का शुभारंभ संस्था द्वारा नशामुक्ति जागरूकता रैली निकाल कर किया गया। 
     नशामुक्ति जागरूकता रैली का शुभारंभ डॉ. केशव पांडेय द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। शुभारंभ अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक श्रीमती कीर्ति दीक्षित, जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरुआ, सामाजिक समग्र सुरक्षा विस्तार अधिकारी श्रीमती पूर्वी अग्रवाल, एनसीसी की नेवल ऑफीसर रितु भार्गव, जिला समन्वयक धर्मेंद्र दीक्षित,  संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम व राजेन्द्र मुदगल विशेष रूप से उपस्थित थे।
नशामुक्ति जागरूकता रैली फूलबाग चौराहे से प्रारंभ होकर लक्ष्मीबाई समाधि होते हुए पड़ाव चौराहा, सिंधिया कन्या विद्यालय, फूलबाग चौपाटी होती हुई गांधी उद्यान पर समाप्त हुई। रैली में बड़ी संख्या में संस्था की वॉलिंटियर्स एवं एनसीसी के कैडेट उपस्थित थे। रैली के दौरान एनसीसी कैडेट हम सब ने ठाना है, नशे को दूर भगाना है जैसे नारे बोलते हुए चल रहे थे।
संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है हम सभी को मिलकर नशा मुक्ति हेतु समाज में वातावरण तैयार करना है। नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार व समाज को भी बर्बाद करता है, इसलिए हम सभी को मिलकर समाज से नशे को खत्म करना है। वहीं श्रीमती कीर्ति दीक्षित ने कहा कि नशा व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक व आर्थिक तीनों रूप से खत्म कर देता है। उन्होंने इस अवसर पर रमन शिक्षा समिति द्वारा नशा मुक्ति हेतु किया जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर रितु भार्गव ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है, युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंसती जा रही है। युवाओं को नशे के दलदल में जाने से रोकना हम सब की जिम्मेदारी है ।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए डॉ केशव पांडेय ने कहा कि नशा समाज में अमरबेल की तरह फैल रहा है, नशा रूपी अमरबेल को हम सभी मिलकर ही खत्म कर सकते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती अंजू चतुर्वेदी, रामदास, श्रीमती प्रीति मिश्रा, उर्मिला कुशवाह, राहुल जैन, सौरभ सक्सेना, शैलेंद्र राठौर, लोकेंद्र शाक्य, गायत्री श्रीवास, रितु चौहान आदि उपस्थित थे।