बस ने ट्रैक्टर ट्राली के मारी टक्कर16 लोग घायल, दो की हालत गंभीर ग्वालियर रेफर

Oct 01 2024

ग्वालियर। डबरा में पिछोर पुल के पास ग्वालियर-झांसी हाईवे पर एक तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की ट्राली पलट गई। हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं तो दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर भेजा गया है। परिवार श्राद्ध पटे में शामिल होकर अपने गांव जा रहा था। इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। सिटी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है।
बता दें कि पितांबरा ट्रेवलर्स की बस क्रमांक एमपी 06 पी 3777 जो आगरा से छतरपुर जा रही थी। मंगलवार को पिछोर पुल के पास हाईवे पर बस ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्राली में दो दर्जन के लगभग लोग सवार थे। पीछे से लगी टक्कर से ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गए और ट्राली पलट गई। ट्राली में दो दर्जन के लगभग लोग सवार थे। ट्राली पलटते ही चीख पुकार मच गई और हादसे की जानकारी तत्काल डबरा पुलिस को राहगीरों ने दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से तत्काल घायलों को डबरा सिविल अस्पताल भेजा। यहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं दो गंभीर रूप से घायल महिलाएं भारती और शीला को ग्वालियर भेजा गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 
हादसे में भारती पत्नी लायक राम, पुष्पा, अंकिता, लीला, राम प्रसाद बघेल, शीला पत्नी कल्लू, पूनिया पत्नी रामप्रसाद, गुंजन, आमबती, शीला पत्नी तुलसीराम, नैंसी, ममता आदेश, कल्लो, वंदना और संजना बघेल घायल हुए है। 
ग्वालियर-झांसी हाईवे पर हुए हादसे के बाद तत्काल पुलिस ने जाम न हो इसके लिए क्रेन बुलाकर ट्रैक्टर ट्राली और बस को बीच रास्ते से हटवाया और आवागमन को सुचारु किया।
हादसे में जो बघेल परिवार शिकार हुआ है। वह ग्राम हथनोरा का निवासी है। बीते रोज पूरा परिवार ग्राम सिमरिया में अपनी बुआ के श्रद्धा पटे में शामिल होने के लिए आया था। मंगलवार सुबह ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर गांव के लिए जा रहे थे। इस दौरान हाईवे पर हादसे का शिकार हो गए।
इस बारे में सिटी थाना प्रभारी यशवंत गोयल का कहना है कि सडक़ हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। दो गंभीर घायलों को ग्वालियर भेजा गया है। केस दर्ज कर बस को जब्त किया गया है।