काव्य अर्चना सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन संपन्न

Oct 01 2024

ग्वालियर। अर्चना अर्पणबामनगया स्मृति संस्थान द्वारा कवियत्री अर्चना अर्पण की सुधियों को समर्पित काव्य अर्चना सम्मान एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन बालभवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार एवं शिक्षाविद् जगदीश तोमर ने की, मुख्य अतिथि डॉ कुमार संजीव, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार कुंदा जोगलेकर रहीं। 
कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर अतिथियों का स्वागत पुष्पहार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। साथ ही कवि पंकज शर्मा एवं टीवी स्टार पवन आगरी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2024 का काव्य अर्चना सम्मान अंतरराष्ट्रीय कवियत्री सुश्री सिया सचदेव को प्रदान किया।
कार्यक्रम में अर्चना बामनगया के सुपुत्र शांतनु ने यूएसए से वीडियो संदेश से संबोधित किया। तत्पश्चात् हर्षित बामनगया ने भावनात्मक उद्बोधन दिया। इसी क्रम में पीयूष ताम्बे दम्पति द्वारा अर्चना बामनगया के गीतों को संगीतबद्ध कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में डॉ. मंदाकिनी शर्मा ने अपने उद्बोधन में अर्चना के जीवन के व साहित्य सभा ग्वालियर के संस्मरण प्रस्तुत कर सदन को भावुक कर दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रेक्षा नाईक ने किया।
 कवि सम्मेलन में चांदनी पांडेय, प्रीति त्रिपाठी, प्रिया श्रीवास्तव आदि ने सुंदर काव्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में यशवंत इंदारपुरकर, राज चड्ढा, राम चरण, जगदीश सिंघल, सरिता चौहान, उमाशंकर कुलश्रेष्ठ, देवेन्द्र शर्मा, दिव्या शर्मा, हरिओम गौतम, राजा भारद्वाज सहित अर्चना बामनगया के पतिदेव संदीप बामनगया एवं सुपुत्र हर्षित बामनगया व परिजन उपस्थित रहे।