सुंदरकाण्ड के साथ रामलीला का शुभारंभ 1 अक्टूबर से

Sep 30 2024

ग्वालियर। 77 साल से शहर में रामलीला समारोह का आयोजन किया जा रहा है, समय के साथ ही रामलीला कार्यक्रम बड़ा होने लगा और पिछले तीन साल से यह कार्यक्रम फूलबाग मैदान पर किया जा रहा है। यह जानकारी पत्रकारवार्ता में रामलीला समारोह समिति के अध्यक्ष विष्णु गर्ग, राधेश्याम, विजय गोयल, सत्यकुमार मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, रमेश अग्रवाल ने दी।
कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने बताया कि रामलीला समारोह का आयोजन धूमधाम से फूलबाग मैदान में आज मंगलवार 1 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक किया जा रहा है। अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर से सांयकाल 8 बजे से श्रीरामलीला का मंचन प्रारंभ होगा। इससे पूर्व 1 अक्टूबर को संगीतमय सुंदरकाण्ड का आयोजन पंडित अंकित शर्मा करेंगे तथा 5 अक्टूबर को समिति द्वारा श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के विवाह का कार्यक्रम नए आकर्षण के साथ किया जाएगा। विवाह के अवसर पर बैंडबाजों के साथ मधुर गीत गाए जाएंगे व विशेष आतिशबाजी होगी। 
दशहरा चल समारोह 12 अक्टूबर को सांय 4 बजे अचलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर सनातन धर्म मंदिर मार्ग, घोड़ा चौक, दाल बाजार, गस्त का ताजिया, फालका बाजार, छप्परवाला पुल, शिन्दे की छावनी, डीडी मॉल होता हुआ रात्रि 8 बजे फूलबाग मैदान पहुंचेगा जहां रावण,कुंभकरण एवं मेद्यनाथ के पुतलों का दहन किया जाएगा।
रमेश अगंवाल ने बताया कि इस वर्ष 6 अक्टूबर को बैजाताल पर होने वाला केवट संवाद का मंचन ग्वालियर में अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने के कारण निरस्त कर दिया गया है। अब केवट संवाद का मंच पर ही आयोजित किया जाएगा। अष्टमी या नवमी को समस्त सिंधिया परिवार रामलीला दर्शन के लिए रामलीला में पधारेगें। उन्होंने बताया कि रामलीला की सभी तैयारी पूर्ण कर ली है।