तेज रफ्तार कार एजी पुल से नीचे गिरी,एयर बैग खुलने चालक की जान बची

Sep 29 2024

ग्वालियर। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एजी पुल से नीचे जा गिरी। गत देर रात हुए इस हादसे में चालक की जान बाल बाल बच गई। इसी दौरान कार के एयर बैग खुल गए, जिससे कार में सवार संजय व उसके साथियों की जान बच गई।  घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन किसी के द्वारा शिकायत नहीं किए जाने से कोई कार्रवाई की गई है।
इंदरगंज थाना क्षेत्रांतर्गत अचलेश्वर मेंशन निवासी संजय सिंह पुत्र किशन सिंह गत देर रात एक बजे के लगभग किसी काम से अपनी कार में सवार होकर सिटी सेंटर की ओर जा रहे थे। जब वह माधव नगर गेट से होते हुए एजी पुल पर पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में आ रही गाड़ी को देखकर स्टेयरिंग पर से उनका नियंत्रण हट गया और कार रैलिंग तोड़ते हुए पुल के नीचे जा गिरी।
नगर निगम की कुत्ता गाड़ी ने बचाई जान
एजी पुल की रेलिंग तोड़ती हुई कार नीचे जिस स्थान पर गिरी, वहां नगर निगम के मदाखलत विभाग का ऑफिस है, जिसके बाहर कुत्ते पकडऩे वाली गाड़ी खड़ी हुई थी, बताया गया है कि ऊपर से टपकी कार सीधे इस कुत्ता पकडऩे वाली गाड़ी से टकराई फिर नीचे आई। इसी दौरान कार के एयर बैग खुल गए, जिससे कार में सवार संजय व उसके साथियों की जान बच गई। हालांकि हादसे में कार अवश्य क्षतिग्रस्त हुई है।
एजी पुल शहर का प्रमुख एक्सीडेंट जोन बना हुआ है, जहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। विगत दिनों भी एक कार पुल पर से रेलवे ट्रैक की साइड में गिर चुकी है। इसके अलावा लगातार इस पुल पर दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है।