आदित्य की मौत से गुस्साए छात्रों ने एमिटी के गेट पर प्रदर्शन किया

Sep 26 2024

ग्वालियर। एमिटी यूनीवर्सिटी के बी फार्मा के छात्र आदित्य की मौत से गुस्साए छात्रों ने गुरुवार को एमिटी गेट पर प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और दोषियों को सजा दिलाए जाने की मांग की। छात्रों की भीड़ को देखते हुए प्रबंधन ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार को बंद कर दिया, लेकिन छात्रों आक्रोश कम नहीं हुआ। छात्रों का कहना है कि आदित्य को बीमार होने के बाद भी प्रबंधन ने छुटटी नहीं दी जिसके कारण उसका सही प्रकार से उपचार नहीं हो सका और उसकी असमय मौत हो गई।
अगर प्रबंधन समय पर उसे अवकाश दे देता तो उसकी जान नहीं जाती। बी फॉर्मा का छात्र आदित्य सिंह राजपूत की डेंगू से मौत के बाद विश्वविद्यालय में हंगामा हो रहा है और ये छात्र इसलिए गुस्से में हैं। ये आरोप लगा रहे हैं कि इनके साथ पढऩे वाला आदित्य जिंदगी जीने के लिए छुट्टी मांगता रहा, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने डेंगू होने के बावजूद उसे छुट्टी नहीं दी। आदित्य के दोस्तों ने बताया कि बिलासपुर का रहने वाला छात्र आदित्य सिंह राजपूत ग्वालियर की एमिटी यूनिवर्सिटी में फॉर्मेसी फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। वह शहर के दीनदयाल नगर में किराए से रहता था। वह पिछले छह दिन से बीमार था। लेकिन अटेंडेंस शॉर्ट न हो जाए, इस डर से लगातार कॉलेज आता रहा। उसने कॉलेज प्रशासन से इलाज कराने के लिए छुट्टी भी मांगी, लेकिन एमिटी यूनिवर्सिटी ने छुट्टी देने से इनकार कर दिया।