लेखा समिति के अध्यक्ष बने सांखला, निर्विरोध चुने सदस्य

Sep 24 2024

ग्वालियर। नगर पालिक लेखा समिति के निर्वाचन हेतु नगर निगम के निर्वाचित पार्षदों का सम्मेलन जल विहार स्थित नगर निगम के सभाकक्ष में सभापति मनोज सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिसमें निर्विरोध सात सदस्य चुने गए। 
नगर निगम की लेखा समिति का निर्वाचन नगर निगम के सभाकक्ष में आयोजित हुआ। लेखा समिति के निर्वाचन अधिकारी एमएलबी कॉलेज के प्रोफेसर नीरज झा ने चुनाव प्रक्रिया की पूरी जानकारी परिषद के सभी सदस्यों को दी तथा निर्वाचन प्रक्रिया प्रारंभ कराई। निर्वाचन के लिए कुल सात ही आवेदन आये जिस पर सभापति मनोज सिंह तोमर ने सर्वसम्मति से निर्विरोध चुने सदस्यों की घोषणा की। 
जिसमें
वार्ड 50 के पार्षद अनिल सांखला, वार्ड 16 के पार्षद महेन्द्र आर्य, वार्ड 26 की पार्षद ममता शर्मा, वार्ड 65 की पार्षद गीता कुशवाह, वार्ड 8 के पार्षद मनोज राजपूत, वार्ड 9 की पार्षद अनीता कुशवाह एवं वार्ड 35 की पार्षद चांदनी चौहान निर्विरोध चुने गए। नगर निगम की लेखा समिति के निर्वाचन हेतु नगर निगम ग्वालियर के निर्वाचित पार्षदों का सम्मेलन आयोजित कर लेखा समिति के सात सदस्यों को निर्विरोध चुना गया। इसके पश्चात लेखा समिति के गठन के उपरांत लेखा समिति के अध्यक्ष के निर्वाचन हेतु लेखा समिति के सदस्यों का प्रथम सम्मेलन आयोजित कर सर्व सम्मति से लेखा समिति का अध्यक्ष अनिल सांखला को चुना गया।