फांसी के फंदे पर लटका मिला पति का शव,पत्नी का गला भी कसा था फंदा हटाते ही उठ बैठी

Sep 24 2024

ग्वालियर। एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। उसकी पत्नी चारपाई पर पड़ी थी। उसके गले में भी फंदा कसा था, लेकिन फंदा हटाते ही वह उठ बैठी। युवक की हत्या का आरोप उसकी पत्नी पर ही लगाया गया है। हालांकि, पुलिस शुरुआती जांच में इसे सुसाइड ही मान रही है।
घटना शहर के महाराजपुरा इलाके की है। यहां चकरायपुरा मोहल्ले में मंगलवार सुबह 5 बजे महेश जाटव 35 की दो बेटियां रोते हुए पास ही रहने वाले चाचा महेंद्र के घर पहुंचीं। बताया कि पापा और मम्मी ने फांसी लगा ली है।
महेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह भाई के घर पहुंचा तो वे फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। पास ही चारपाई पर भाभी शिल्पा लेटी हुई थी। उसके गले में साड़ी का फंदा कसा हुआ था। फंदा निकालने पर भाभी उठकर बैठ गई।
महिला का कहना है पति को उसके कैरेक्टर पर शक था। इसी बात पर गत देर रात झगड़ा हुआ था। मैंने अपना गला कसा और पति भी फांसी लगाने लगा। मैं बेहोश हो गई, इसके बाद का कुछ याद नहीं है। महेश और शिल्पा की शादी को 9 साल पहले हुई थी। दो बेटियां 7 और 5 साल की हैं। महेश एक बेकरी पर काम करता था।
महाराजपुरा टीआई धर्मेंद्र यादव ने बताया कि एक युवक की फांसी लगाने से मौत हो गई है। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।