डकैती की योजना बनाते पांच बदमाश पकड़े, मिर्च स्प्रे, सरिया और कट्टे बरामद

Sep 23 2024

ग्वालियर। डकैती डालने से पहले पांच बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। यह बदमाश आधी रात को एक पेट्रोल पंप पर वारदात करने वाले थे। ्िराइम ब्रांच ने विश्वविद्यालय थाना पुलिस की मदद से गत देर रात पहाड़ वाले हनुमान मंदिर के पास से इनको पकड़ा है।
पकड़े गए बदमाशों से कट्टे, मिर्च स्प्रे, लाठी, सरिया बरामद हुए हैं। इनसे शहर की 6 चोरी व अन्य वारदातों का खुलासा हुआ है, जो हाल ही में शहर में हुई थी। पुलिस अधिकारी लगातार पूछताछ कर रहे हैं। कुछ गंभीर घटनाओं का खुलासा भी हो सकता है।
एसपी राकेश कुमार सगर को गत देर रात मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में कुछ बदमाशों द्वारा किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग की जा रही है। इस पर एसपी द्वारा क्राइम ब्रांच व विश्वविद्यालय थाने की संयुक्त टीम को बताए गए स्थान पर पहुंचाया, तो वहां मौजूद पांच संदिग्ध युवक कहीं डकैती डालने की बातचीत कर रहे थे, जिन्होंने पुलिस को देखते ही दौड़ लगा दी। शंका होने पर पुलिस टीम भी उनके पीछे लग गई, जिसने कुछ दूरी पर घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जब उनकी तलाशी ली तो सभी से कट्टे, मिर्च स्प्रे, लाठी व सरिया मिले हैं। यह गैंग पेशेवर बदमाश हैं। लूट व चोरी ही इनका काम है।
पुलिस के हाथ लगने वाले आरोपियों में नीतेश पिता प्रीतम सिंह जाटव निवासी फूटी कॉलोनी सिरोल, मोहन उर्फ करूआ पुत्र बलवीर जाटव निवासी ग्राम जारगा थाना सिरोल, वीरेंद्र पुत्र बसंत जाटव निवासी दर्पण कॉलोनी, अरुण उर्फ अन्नू पुत्र भगवान सिंह जाटव निवासी न्यू मेहरा कॉलोनी व नरेंद्र पुत्र ओमप्रकाश जाटव निवासी फूटी कॉलोनी सिरोल शामिल हैं। जिनके खिलाफ विश्वविद्यालय थाने में लूट व डकैती की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
सभी बदमाश 18-19 साल के
कार्रवाई में चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस द्वारा पकड़े जाने वाले सभी पांचों आरोपी महज 18-19 साल के ही हैं। जिससे पुलिस अफसरों को आशंका है, कि उन्हें गाइड करने वाला पर्दे के पीछे कोई और शख्स तो नहीं है। इसका पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है।