नाबालिग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Sep 21 2024

ग्वालियर। एक 17 वर्षीय नाबालिग ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना गत रात की थी और कुंडी अंदर से लगी थी। परिजन यह समझते रहे कि किशोर अभी सो रहा है। कई बार गेट नॉक किया, लेकिन कोई रिस्पोंस नहीं मिला तो लगा कि गहरी नींद में है, लेकिन जब शनिवार सुबह भी यही हाल रहा तो शंका हुई।
परिजन ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर किशोर फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना गिरवाई थाना के बिरथरियों का पुरा की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को निगरानी में ले लिया है। पुलिस पता लगा रही है कि किशोर को आखिरकार क्या परेशानी थी जो उसने यह कदम उठाया।
शहर के गिरवाई थाना स्थित बिरथरियों का पुरा निवासी 17 वर्षीय दीपक कुशवाह ने फांसी लगाकर जान दी है। बताया गया है कि दीपक अपने पिता के साथ उनके काम में हाथ बंटाता था। गत रात वह बाजार से घर लौटा और अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। कुछ देर बाद परिजन ने उसे खाना खाने के लिए पूछने दरवाजे पर नॉक किया तो कोई जवाब नहीं मिला। जिस पर परिजन ने समझा कि वह कोई जरुरी काम कर रहा है या फिर सो रहा है। जिस पर परिजन ने उसके कोई जवाब नहीं देने को गंभीरता से न लेते हुए अनदेखा कर दिया। शनिवार सुबह जब उसे बुलाने गए तो भी वही स्थिति थी। इस पर परिजन को शंका हुई कि कोई न कोई बात जरुर है।
बार-बार दरवाजा नहीं खोलने पर परिजन को संदेह हुआ, जिस पर परिजन ने दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंचे। अंदर दीपक साड़ी से बने फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देख परिजन घबरा गए। तत्काल उसे फंदा काटकर उतारा गया और नब्ज टटोली तो काफी देर हो चुकी थी। उसने तो रात को ही फांसी लगा ली थी, जबकि परिवार यह सोचता रहा कि वह सो रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए कमरे की तलाशी, लेकिन वहां पर कोई सुसाइड नोट या ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है, जिससे पता चल सके कि उसने किन कारणों के चलते फांसी लगाई है। परिजन का कहना है कि दीपक ने किसी को अहसास नहीं होने दिया कि उसके मन में क्या चल रहा है। पुलिस उसके खुदकुशी के कारणों का पता लगा रही है।