कांग्रेसियों ने किसान न्याय यात्रा निकालकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा

Sep 20 2024

ग्वालियर। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर शुक्रवार को किसानों को उनका हक दिलवाने के लिए किसान न्याय यात्रा की शुरुआत फूलबाग से प्रारंभ हुई। कांग्रेस नेता व किसान नेता, सैकड़ों किसानों के साथ ट्रैक्टरों पर सवार होकर फूलबाग मैदान से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे हैं। इस दौरान सडक़ा पर ट्रैक्टर रैली से ट्रैफिक जाम के हालात बन गए हैं। किसान न्याय यात्रा कलेक्ट्रेट पहुंची तो यहां भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ खुलकर नारेबाजी की गई। इस दौरान सरकार के नाम ज्ञापन एसडीएम का सौंपा गया है।
किसान न्याय यात्रा की शुरुआत फूलबाग से प्रारंभ हुई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री व किसान न्याय यात्रा के प्रभारी सचिन यादव ने कहा कि जब तक हम अपने अन्नदाता को उनका हक नहीं दिला देते, तब तक शांत नहीं बैठेंगे। किसान व आमजनों की समस्याओं को प्रदेश सरकार के कानों तक पहुंचाने के लिए इस न्याय यात्रा को निकाला जा रहा है। इस यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, राज्यसभा सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष, कार्यकारी जिला अध्यक्ष, महिला मोर्चा संगठन, ब्लॉक अध्यक्ष, सेवादल सहित भारी संख्या में कांग्रेसी शामिल हैं।
यात्रा सुबह 12 बजे फूलबाग से प्रारंभ हुई। फूलबाग से प्रारंभ होकर इंदरगंज, दौलतगंज, महाराज बाड़ा से सराफा बाजार, गश्त का ताजिया होते हुए वापस फूलबाग पर समाप्त हुई। किसान न्याय यात्रा में शामिल हुए कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोगों की उदासीनता के कारण अन्नदाता परेशान हैं। फसलों की उचित कीमत नहीं मिल रही। बरसात के कारण फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन अभी तक मुआवजे को लेकर किसी तरह की बात सामने नहीं आई है। 
किसानों की समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन कतई गंभीर नहीं है। इससे तो यही लग रहा है कि प्रदेश सरकार को किसानों की बिल्कुल चिंता नहीं है। आमजन की समस्याएं सुलझाई नहीं जा रही हैं। महिलाओं और बेटियों के साथ अपराध घटित किए जा रहे हैं। इसके बाद भीं प्रदेश की सरकार की नींद नहीं खुल रही है। 
किसान न्याय यात्रा में राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, शहर अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, साहब सिंह, सुरेश राजे सहित पदाधिकारी व कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं।
किसान न्याय यात्रा में ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में किसान भी शामिल हैं। कुछ किसान तो अपने ट्रैक्टर पर कांग्रेस पार्टी का झंडा लेकर शामिल हुए हैं। कांग्रेस की यात्रा को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है जो इसके साथ-साथ चलेगा।