बुधवार को एक बार फिर तिघरा के सातों गेट खोले कर,12500 क्यूसेक पानी छोड़ा

Sep 18 2024

ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल में गत रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार सुबह तेज व मूसलाधार बारिश में बदल गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे इसी तरह तेज बारिश की संभावना जताई है। बुधवार सुबह तिघरा के 7 गेट ढाई फीट तक खोले गए। जिससे तिघरा के प्रभावित क्षेत्र ग्वालियर और मुरैना के कुछ गांव में अलर्ट घोषित किया गया है। साथ ही रमौआ बांध में लगातार जलस्तर बढऩे पर मुरार नदी में पानी छोड़े जाने के बाद निचली बस्तियों में रहने वाले एक बार फिर संकट में आ गए हैं। लगातार तेज बारिश के चलते जिला शिक्षा अधिकारी ने हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी की त्रैमासिक परीक्षा बुधवार को स्थगित कर दी।
ग्वालियर में बुधवार सबह सुबह 10 बजे तिघरा बांध के 7 गेट को 2.5 फीट तक खोलकर लगभग 12500 क्यूसेक जल की निकासी की गई। जिससे सांक नदी में उफान आ गया है। सांक नदी के किनारे बसे हुए गांव के लोगों को सतर्क रहने व नदी किनारे न जाने के लिए चेतावनदी दी है। तिघरा से पानी छोडऩे के कारण ग्वालियर के ग्वालियर के प्रभावित क्षेत्र ग्राम तिघरा, ग्राम कैथा, ग्राम तालपुरा, ग्राम महिदपुर, ग्राम पृथ्वीपुर, ग्राम कुलैथ, ग्राम अगरा भटपुरा, ग्राम दुगनावली व ग्राम तिलघना में तिघरा से पानी छोडे जाने के बाद अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही मुरैना के प्रभावित क्षेत्र ग्राम पहाड़ी, ग्राम जखौदा, व ग्राम बामोर में तिघरा से छोड़ा गया पानी संकट बन सकता है। यहां स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर-चंबल अंचल में बंगाल की खाड़ी में बने स्ट्रॉन्ग सिस्टम ने जमकर बारिश कराई है। ग्वालियर-चंबल अंचल पर इस साल मानसून मेहरबान है। जून, जुलाई व अगस्त के बाद सितंबर में भी आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और अच्छी बारिश करा रहे हैं। पिछले 50 साल के इतिहास में सितंबर में ऐसी जोरदार मानसूनी बारिश नहीं हुई है। 
ग्वालियर-रतनगढ़ मार्ग पर रास्ता बंद
ग्वालियर में बुधवार सुबह से तेज बारिश के चलते लोग बेहाल हैं। ग्वालियर के बेहट व रतनगढ़ के बीच रपटा पर पानी पुल से ऊपर बह रहा है, जिस कारण बेहट से रतनगढ़ माता मंदिर जाने वाले मार्ग को बंद कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस रास्ते से रतनगढ़ मंदिर न जाएं।
 जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटिहार ने बताया कि ग्वालियर जिले में हो रही बारिश के कारण समस्त शासकीय हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयो में 18 सितंबर होने वाली त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्न पत्र की परीक्षा स्थगित की जाती है। बुधवार को होने वाली परीक्षा की तिथि तथा समय पृथक से घोषित किया जायेगा।