हिन्दी भारत की आत्मा है इसे हृदय से अपनाने की आवश्यकता है

Sep 14 2024

ग्वालियर। महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के हिंदी विभाग एवं स्वामी विवेकानंद केरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में हिन्दी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में डॉ संध्या बोहरे, डॉ आरसी गुप्ता, डॉ एके मांडिल, डॉ रवि शंकर पाठक एवं हिंदी विभाग के सभी प्राध्यापकों सहित महाविद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। 
विभागाध्यक्ष डॉ आरके सिंह  ने माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छ द्वारा अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ सीमा शर्मा, प्राध्यापक हिन्दी द्वारा किया गया। डा पद्मा शर्मा द्वारा अतिथियों का वाचिक स्वागत करते हुए क्रमबद्ध रूप से विषय का प्रवर्तन किया गया। 
डा श्रद्धा सक्सेना द्वारा वर्तमान में हिंदी के महत्व एवं हिंदी में रोजगार की अपार संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। मुख्य अतिथि डॉ साधना जैन द्वारा हिंदी की संवैधानिक स्थिति एवं उसकी वैज्ञानिकता पर अनेकश: प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर डॉ आरसी गुप्ता ने हिन्दी को मूल्यों से जोड़ते हुए वर्तनी की शुद्धता पर विशेष बल दिया। 
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ पुरुषोत्तम गोतम द्वारा कम्प्यूटर पर टंकण में काम आने वाले हिन्दी के विभिन्न फोंटों से संबंधित जानकारी को विस्तार सहित समझाने का प्रयास किया गया। आपने हिन्दी के वैश्विक महत्व को बहुत ही संजीदगी के साथ रेखांकित करने का प्रयास किया। आपने हिन्दी को भारत की आत्मा बताते हुए उसे हृदय से अपनाने पर बल दिया। आभार प्रदर्शन विवेकानंद प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ एके माडिल द्वारा किया गया।