बारिश से बिल्हेटी गांव की पुलिया टूटी, घर में पानी भरने से परिवार के आठ लोग फंसे

Sep 12 2024

ग्वालियर। पिछले 24 घंटे से हो रही तेज बारिश के चलते शहर में जगह-जगह जल भराव जैसी स्थिति बन गई है। उप नगर मुरार ब्लॉक के बिल्हेटी गांव की पुलिया का एक हिस्सा मुरार नदी के तेज बहाव में बह गया जिससे आवाजाही बाधित हो गई है। साथ ही अन्य ग्रामीण इलाकों में पानी भर गया है। वहीं कई इलाकों में बिजली भी गुल है। ग्वालियर में बुधवार और गुरुवार को 198.4 एमएम बारिश हुई थी। शहर में अब तक कुल 1023.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
वहीं मुरार तहसील के ग्राम पंचायत बिल्हेटी गांव में बरसात का पानी भरने के चलते गांव में ही रहने वाले बलबीर सिंह के परिवार के आठ लोग घर में ही फंसे हुए हैं। बारिश के पानी में बलवीर सिंह का मकान एक मंजिल तक डूब चुका है, घर के लोग पानी से बचाव के लिए घर की छत पर बैठे हुए हैं। परिवार ने जिला प्रशासन से जल्दी उन्हें वहां से निकालने की मांग भी की है।
बता दें कि मंगलवार-बुधवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश के चलते, शहर की लाइफ लाइन तिघरा बांध फुल हो गया था। जिसके चलते गत रोज कलेक्टर रुचिका चौहान और अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में तिघरा बांध के आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट और सायरन बजाने के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा तिघरा के सात गेट खोल दिए गए थे। जिसमें 40 हजार क्यूसेक मीटर से ज्यादा पानी निकल गया था। बांध के गेट खुलने को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे थे। इसके साथ ही तेज बारिश की चेतावनी को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा 12 सितंबर को सभी स्कूलों की छुट्टी घोषित करने के आदेश भी जारी किए गए थे।