दो चेन लुटेरे पकड़े,लूटी गई चेन बरामद

Sep 10 2024

ग्वालियर। महिला से झपट्टा मारकर चेन लूट करने वाले दो आरोपियों को पड़ाव थाना पुलिस ने पकड़ कर लूटी गई चेन बरामद कर ली है। पुलिस पकड़े गए लुटेरों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की पूछताछ में जुट गई है।
सीएसपी इंदरगंज अशोक सिंह जादौन ने बताया कि बीती 29 अगस्त की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 75 वर्षीय इंद्रमणि शर्मा पत्नी हेमंत शर्मा निवासी प्रेम नगर से एक बदमाश फूलबाग कॉफी शॉप के पास से सोने की चेन लूटकर भाग गया था। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश की तो कुछ स्थानों पर लुटेरों के फुटेज मिले थे। जिसके आधार पर बदमाशों की तलाश की तो एक स्थान पर लुटेरे का फुटेज मिला। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संतोष सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम को लुटेरे की तलाश में लगाया तो पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश मुकेश कुशवाह निवासी बनवार चीनौर है। इसका पता चलते ही पुलिस ने उसकी तलाश में ग्वालियर के साथ ही चीनौर में दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने उसके नजदीकी लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया। इसी बीच आरोपी को फूलबाग पर पुलिस पकड़ लिया।
उसके हाथ आते ही पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि वारदात में वह अकेला नहीं था, उसके साथ कुणाल बाल्मीक व एक अन्य था। इसका पता चलते ही पुलिस ने कुणाल को भी उठा लिया और उनसे लूटी गई चेन बरामद कर ली है। अब पुलिस उनसे शहर में हुई अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाने में जुट गई है।