परिधि हॉस्पिटल में युवक की मौत पर हंगामा, परिजन बोले कार्यवाही हो

Sep 10 2024

ग्वालियर। बीएसएनएल ऑफिस के पास स्थित परिधि हॉस्पिटल में गत देर शाम शुरु हुआ हंगामा मंगलवार की देर शाम तक शांत नहीं हो पाया है। मरीज के परिजन लापरवाह चिकित्सकों पर कार्यवाही करने की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि हॉस्पिटल प्रबंधन इस बात से ही इंकार कर रहा है कि उनके इलाज में कोई गलती हुई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल पहुंच गया है जो परिजनों को समझाने का काम कर रहा है। 
परिधि हॉस्पिटल में तीन दिन पहले 42 वर्षीय युवक को भर्ती कराया गया था। उसकी सर्जरी होनी थी। इसलिए डॉक्टरों ने मरीज की तमाम जांचें करवाई। सोमवार को मरीज का ऑपरेशन होना था, लेकिन इससे पहले ही उसे कार्डियक अरेस्ट आ गया और उसकी तबियत ज्यादा बिगड़ गई। इसकी जानकारी जैसे ही मरीज के परिजनों को हुई तो उन्होंने हंगामा कर दिया। 
परिजनों का आरोप है कि गलत इलाज के कारण मरीज का हार्ट फेल हुआ शाम को हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी कि अगर लापरवाही हुई होगी तो फिर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। हॉस्पिटल प्रबंधन ने तब तक मरीज की हालत को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रख दिया। वेंटिलेटर पर रखने के बाद मंगलवार की सुबह 4 बजे मरीज की मौत हो गई।
मरीज की मौत होने की जानकारी मिलने ही परिजन परिधि अस्पताल के सामने फिर एकत्रित हो गए और लापरवाह डॉक्टरों पर कार्यवाही करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। अस्पताल में हंगामा होने की खबर पहुंचते ही विश्वविद्यालय थाने के टीआई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया।
विश्वविद्यालय थाने के टीआई उपेन्द्र छारी ने बताया कि परिधि हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत होने के बाद परिजन कार्यवाही की मांग कर रहे थे। हमने फिलहाल मामला कायम कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि गलती थी या नहीं। अभी तो परिजनों को समझाइश देकर शांत करा दिया है।