राजकमल अपार्टमेंट में भडक़ी आग, आधा दर्जन टू व्हीलर्स जलकर खाक

Sep 09 2024

ग्वालियर। सिटी सेंटर स्थित राजकमल अपार्टमेंट में गत देर रात आग भडक़ गई, जिससे वहां हडक़ंप मच गया। सूचना पाकर पहुंचे दमकल दस्ते ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पानी की पाइप लाइन सहित पोर्च में खड़ी पांच टू व्हीलर्स व एक साइकिल आग में जलकर स्वाहा हो चुकी थी।
गत देर रात डेढ़ बजे के लगभग जब सिटी सेंटर स्थित राजकमल टॉवर में रहने वाले बाशिंदे अपने अपने फ्लैट में गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक बिल्डिंग की ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई, जो कुछ ही देर में भडक़ उठी। जब बिल्डिंग के रहवासियों को घटना का पता लगा, तो उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना पाकर आनन फानन में दमकल दस्ता मौके पर पहुंचा, जिसने दो गाड़ी पानी फायर कर करीब एक घंटे मशक्कत कर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया, लेकिन तब तक पोर्च में खड़े हुए आधा दर्जन दोपहिया वाहन व एक साइकिल सहित वहां लगी पानी की मोटर्स की पाइप लाइन आग की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस चुकी थीं।
बिल्डिंग में आग लगने का पता जब फ्लैटवासियों को लगा, तो वह बेहद घबरा गए। जो दहशत के चलते उतरकर नीचे उतर आए। वहीं शोरगुल सुन आसपास के रहवासी भी मौके पर जुट गए। फिलहाल इस आगजनी के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।