करंट लगने से पिता पुत्र की मौत,पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल

Sep 08 2024

ग्वालियर। रविवार की सुबह बालाबाई का बाजार में रहने वाले 45 साल के ज्योतिषाचार्य प्रेमदत्त शास्त्री की और उनके 15 वर्ष के बेटे पवित्र उर्फ कृष्णा की मौत हो गई। वहीं दोनो को बचाने की कोशिश में प्रेम शास्त्री की पत्नी ज्योति और उनकी बेटी पलक गंभीर रूप से घायल हो गई, जिनका इलाज एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है। मामले की जानकारी लगते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। करंट कैसे लगा फिलहाल इसकी पड़ताल की जा रही है।
बालाबाई का बाजार निवासी 45 वर्षीय प्रेम शास्त्री अपने मकान का रिनोवेशन करवा रहे हैं, जिससे वह घर के सामने ही मकान किराए पर लेकर रह रहे हैं। रविवार सुबह इस किराए के मकान में पीछे की तरफ बने बाथरूम के गेट के पास अचानक प्रेम शास्त्री को जोरदार करंट का झटका लगने से वह वहीं चिपक गए। यह देख 15 वर्षीय बेटे ने पिता को बचाने का प्रयास किया, तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। 
इसी बीच जब पत्नी व बिटिया ने बीच बचाव करने की कोशिश की, तो उन्हें भी करंट लग गया। घटना का पता लगने पर आसपास के लोग तुरंत चारों लोगों को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर्स द्वारा पिता पुत्र को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि मां बेटी का इलाज चल रहा है।
करंट लगने से पिता पुत्र की मौत व मां बेटी के गंभीर रूप से घायल हो जाने की जानकारी जब क्षेत्र में फैली, तो मौके पर काफी लोग जुट गए। जिन्होंने घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाने के उपरांत पुलिस को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उधर घटना से क्षेत्र में मातम पसर गया। हालांकि फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन इस तरह करंट लगने से स्थानीय लोग खासे दहशत में हैं।