रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव की शुरुआत 22 इंडस्ट्रियल यूनिट का वर्चुअल भूमिपूजन और लोकार्पण

Aug 28 2024

ग्वालियर। यूनेस्को द्वारा सिटी ऑफ म्यूजिक घोषित हो चुके ग्वालियर में रीजनल इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव की शुरुआत बुधवार को राजमाता विजयाराजे सिंधिया एग्रीकल्चर कृषि विश्वविद्यालय में हुई। इस खास उद्योगपति शामिल हुए। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश के कई मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश की 22 इंडस्ट्रियल यूनिट का वर्चुअल भूमिपूजन और लोकार्पण करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश उद्योग में नंबर वन बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आप सभी को बधाई देता हूं, आज तीसरा रीजनल कॉन्क्लेव है। समय बदल रहा है, भारत नई ऊंचाईयों की तरफ कदम बढ़ा रहा है। मध्य प्रदेश भारत के साथ आगे बढ़ रहा है। आज ग्वालियर में कई एमओयू हुए हैं। कई इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है। वह दिन अब दूर नहीं जब हमारा हम और हमारा प्रदेश विकास की राह में नंबर 1 पर होगा। ग्वालियर में अब उद्योग के नए द्वार खुलेंगे और इसी के साथ प्रदेश विकास की रफ्तार पकड़ेगा। ग्वालियर आईटी हब के रूप में भी उभरकर सामने आएगा।
पिछले छह महीने में मध्यप्रदेश में यह तीसरी कॉन्क्लेव हो रही है। जुलाई में जबलपुर, फरवरी में उज्जैन में यह कॉन्क्लेव हो चुकी है। खास बात ये है कि उज्जैन और जबलपुर में हुई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के मुकाबले ग्वालियर में उद्योगपतियों की दिलचस्पी ज्यादा नजर आई। इसकी वजह यह है कि देश के 7 बड़े रोड कॉरिडोर ग्वालियर-चंबल रीजन से होकर या इसके पास से गुजरते हैं। अब अगले साल फरवरी 2025 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन भोपाल में होगा।
रिलायंस, अडानी सहित कई कंपनियों से सीएम की वन टू वन टॉक
सीएम डॉ. मोहन यादव ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन चर्चा की। कॉन्क्लेव में अडानी पोर्ट्स और एसईजेड लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एजीआई ग्रीन पैक, एक्सेंचर इंडस्ट्रीज, प्राइम गोल्ड, ओएफवी टेक, बीआर ग्रुप, मार्बल विनायल्स और मॉर्डन टेक्नो जैसी नामी कंपनी के डायरेक्टर इस कॉन्क्लेव में शामिल हुए।
कॉन्क्लेव में 120 उद्योग इकाइयों को 270 एकड़ जमीन उद्योग निर्माण के लिए आवंटित की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उद्योग की 17 इकाइयों का वर्चुअल भूमिपूजन और 10 का लोकार्पण किया। इन 27 इकाइयों के जरिए एमपी में 1420.39 करोड़ रुपए का निवेश आना अब तय हो गया है। उद्योगपतियों ने सरकार से हुए करार में इन इकाइयों में चार हजार लोगों को रोजगार देने का वादा भी किया है। एमपीएसआईडीसी, मोहना में 200 हेक्टेयर, गुरावल में 30, चैनपुरा में 337 जबकि मालनपुर के पास मवई में 207 हेक्टेयर जमीन में इंडस्ट्रीज एरिया डेवलप करने जा रहा है। कॉन्क्लेव में आने वाले उद्योगपतियों को यहां भी जमीन आवंटित हो सकेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, प्रहलाद पटेल, चेतन कुमार कश्यप, नारायण सिंह कुशवाह, करन सिंह वर्मा, रामनिवास रावत, एंदल सिंह कंषाना, गोविंद सिंह राजपूत, राकेश शुक्ला व अन्य मंत्री भी विशेष रूप से शामिल हुए।