सनातन धर्म मंदिर में दो दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव 26 अगस्त से

Aug 24 2024

ग्वालियर। सनातन धर्म मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। प्रधानमंत्री रमेशचन्द्र लल्ला ने बताया कि सनातन धर्म मंदिर में दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 26 अगस्त एवं 27 अगस्त को मनाया जाएगा। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई हैं।
जन्माष्टमी से पूर्व मंदिर की साफ सफाई एवम रंग रोगन का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। इस अवसर पर मंदिर में आकर्षक विद्युत साज सज्जा होगी एवम मोंगरे एवं अन्य फूलों का भव्य फूल बंगला लगाया जाएगा। भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण के लिए पोशाक एवम श्रृंगार वृंदावन से लाया गया है। नंदोत्सव के दिन ठाकुर जी के समक्ष अर्पित किए जाने वाले छप्पन भोग को मंदिर परिसर में ही शुद्धता के साथ बनवाया जा रहा है। इस बार भक्तजनों को डालिया में रखकर प्रसाद दिया जायेगा।
 26 अगस्त सोमवार को सुबह शहनाई वादन होगा, भगवान चक्रधर एवं गिरिराजधरण का अभिषेक होगा, आरती के उपरांत पंचामृत एवम पेड़े का प्रसाद वितरण होगा। सांयकाल को भगवान चक्रधर एवं गिरिराज धरण का अद्भुत श्रंगार किया जाएगा, प्रसाद वितरण होगा। रात्रि 12 बजे जन्म के उपरांत आरती होगी। 27 अगस्त मंगलवार को भगवान का पालन उत्सव एवं नंद उत्सव का आयोजन होगा महिलाओं द्वारा बधाई गीत होंगे, बधाइयां लुटाई जाएंगी एवं छप्पन भोग दर्शन भी होगा। 
सनातन धर्म मंदिर की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक आयोजित कर जन्माष्टमी उत्सव से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में विजय गोयल, हरिशंकर सिंघल, अरविंद दूतावत, राधाकृष्ण खेतान, नरेश सिंघल, नरेंद्र मंगल, राजेश बंसल, रविंद्र सिंगल चौबे, संदीप बैशय, मनोज सांघी एवं सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।