ऊर्जा मंत्री के बंगले पर आर्मी जवानों का प्रदर्शन, नारेबाजी

Aug 23 2024

ग्वालियर। आर्मी के मेजर और ट्रैफिक जवान के बीच मारपीट हो गई। दोनों के बीच एक्सीडेंट को लेकर विवाद हुआ था। अफसर के परिजन का आरोप है कि ट्रैफिक जवान अफसर को उठा ले गई। इसके बाद गत देर रात थाने पर हंगामा चलता रहा। शुक्रवार सुबह आर्मी के जवान इकट्ठा होकर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर के बंगले पर पहुंच गए। यहां नारेबाजी की। मंत्री ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। विवाद गाड़ी टकराने को लेकर था।
गत शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर पहुंचे थे। करीब 8 बजे सीएम का काफिला इंद्रमणि नगर चौराहे से निकलने वाला था, जिसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया। इसी बीच, शताब्दीपुरम के रहने वाले आशीष चौहान अपनी पत्नी, बहन और दोस्त के साथ कार से जा रहे थे। आशीष आर्मी में मेजर हैं। वर्तमान में राजस्थान के जोधपुर में पदस्थ हैं।
इसी दौरान इनोवा कार चालक ने आशीष की गाड़ी को टक्कर मार दी। वह गाड़ी लेकर भागने लगा। मेजर गाड़ी से उतरकर उसे पकडऩे के लिए दौड़े। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने मेजर को रोका। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मेजर ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। हंगामा देख वहां से गुजर रही क्राइम ब्रांच पुलिस भी आ गई। मेजर को गाड़ी में बिठाकर गोला का मंदिर थाने ले गई। सूचना पर अफसर के परिजन समेत अन्य लोग रात में ही थाने पहुंच गए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर केस दर्ज करने की मांग की।
मेजर की पत्नी मीनाक्षी चौहान ने बताया वह और उनके पति जब वहां से गुजर रहे थे। उस समय सीएम का काफिला नहीं निकल रहा था। ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने पति से बेवजह विवाद किया था। विरोध करने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनके साथ मारपीट की। क्राइम ब्रांच पुलिस पति को जबरन गाड़ी में बैठ कर ले गई। जब रोकने की कोशिश की, तो पुलिस ने उनके साथ बदतमीजी कर धक्कामुक्की की। ये भी नहीं बताया कि पति को कहां ले जा रहे हैं।’
शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आर्मी के जवान और अफसर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्मन सिंह तोमर के घर पहुंच गए। यहां नारेबाजी कर ट्रैफिक जवान को सस्पेंड करने की मांग की। मंत्री ने एसपी धर्मसिंह और आर्मी के अफसरों को बुलाकर तानसेन होटल में करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत की। बैठक के बाद मंत्री प्रद्युम्मन सिंह ने बताया कि मामले का सम्मानजनक हल निकाला जाएगा।