सडक़ों से निराश्रित पशुओं को हटाने के लिये विशेष अभियान चलाएँ:कलेक्टर चौहान

Aug 22 2024

ग्वालियर। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य सडक़ों से निराश्रित गौवंश सहित सभी प्रकार के मवेशियों को हटाकर उन्हें गौशाला व सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाएँ। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बसे जिले के गावों के निराश्रित शतप्रतिशत गौवंश का पंजीयन कर उन्हें गौशालाओं में पहुँचाएँ। इस आशय के निर्देश कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने संबंधित अधिकारियों की बैठक में दिए। उन्होंने सडक़ों से निराश्रित पशुओं को हटाने के लिये अगले 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। 
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि जिले की पुरानी गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ नई गौशालायें भी तैयार कराई जाएं, जिससे अधिक से अधिक गौवंश का प्रबंधन किया जा सके। उन्होंने कहा ग्रामीणों को भी गौवंश खुले में न छोडऩे के लिये प्रेरित करें। 
गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने जोर देकर कहा कि सडक़ों पर दुर्घटनाग्रस्त मवेशियों को तत्काल उपचार मुहैया कराएँ। दुर्घटनाग्रस्त मवेशियों को इलाज के लिए वाहनों से लाल टिपारा गौशाला में पहुँचाएँ। उन्होंने सभी एसडीएम से कहा कि दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को इलाज के लिये वाहन व्यवस्था कराएँ। इसके लिये जिला प्रशासन से धनराशि उपलब्ध कराई जायेगी। 
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सडक़ों पर पशुओं की वजह से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिये निराश्रित पशुओं के गले में अभियान बतौर रेडियमयुक्त बैल्ट पहनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा इस काम को प्रमुखता से किया जाए। उन्होंने सभी पशुओं की टैगिंग करने पर भी विशेष बल दिया। 
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व टीएन सिंह, निगम अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, जिले के सभी एसडीएम तथा पशुपालन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।