बुधवार शाम झमाझम बारिश, 48 घंटे तेज बारिश की चेतावनी

Aug 21 2024

ग्वालियर। बुधवार शाम को तेज बारिश शुरू हो गई है। एक घंटे लगातार बारिश से ग्वालियर का मौसम सुहाना हो गया है। मंगलवार रात को जहां हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई थी। बुधवार सुबह से तेज धूप थी पर दोपहर बाद आसमान में बादल मंडराने लगे और शाम होते-होते यह बरस भी गए।
हालांकि लश्कर, ग्वालियर में तेज पानी गिरा है, लेकिन मुरार इलाके में पानी नहीं बरसा है। मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ घंटों तक मौसम कुछ ऐसा ही रहने वाला है। वहीं लगातार बारिश के चलते ही तापमान में गिरावट आई है।
ग्वालियर में बुधवार शाम रिमझिम के बाद तेज बारिश होने से मौसम सुहाना हुआ तो पिछले 2 दिन से पढ़ रही उमस भरी चिपचिपी गर्मी से लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग का कहना कि 20 और 21 अगस्त को एक सिस्टम एक्टिव हुआ है, जिसका असर 23 अगस्त तक रहेगा। अगले कुछ घंटों शहर में बारिश होगी। ग्वालियर में इस सीजन में अभी तक 716.2 एमएम बारिश हो चुकी है। ग्वालियर में बुधवार दोपहर से आसमान में मंडरा रहे थे जो बादल शाम 4 बजे के बाद बरसात में बदल गए हैं। बुधवार शाम को एक घंटे हुई बारिश से अचानक मौसम बदल गया है। पिछले 2 दिनों से लोग चिपचिपाती गर्मी से परेशान हो रहे थे, बारिश होने से सडक़ पर निकल रहे लोग उसका मजा ले रहे है।
मौसम विभाग के अनुसार एक नया सिस्टम एक्टिव हुआ है। 20 अगस्त को यह सिस्टम सक्रिय हुआ था। जिसका असर 22 अगस्त से 23 अगस्त के बीच अच्छी बारिश के रूप में देखने को मिलने की संभावना है। वही मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ घंटे तक इसी तरह बारिश जारी रहेगी।