जननी एक्सप्रेस से शराब की तस्करी,चौदह पेटी शराब सहित दो तस्कर पकड़े

Aug 21 2024

ग्वालियर। भारत बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था परखने और ग्रामीणों को समझाइश देकर लौट रही बेलगढ़ा थाना पुलिस ने एक जननी एक्सप्रेस में तस्करी कर ले जाई जा रही चौदह पेटी शराब जब्त कर दो तस्करों को देवरी के पास से पकड़ा है। घटना गत देर रात एक बजे की है। पुलिस ने तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बेलगढ़ा थाना प्रभारी अजय सिंह सिकरवार ने बताया कि बीती रात देवरी गांव तथा आस-पास के गांवों में भारत बंद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत कर एएसआई रामदयाल परिहार, आरक्षक अहबरन गुर्जर, जितेन्द्र कुशवाह, संदीप गुर्जर और आशीष रजक के साथ वह वापस लौट रहे थे। अभी वह देवरी के पास पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार आ रही एक एंबुलेंस उनके पास आने से पहले उन्हें देखकर रूकी और फिर टर्न लेकर वापस जाने लगी। अचानक एंबुलेंस के वापस लौटने पर शंका हुई और उन्होंने पीछा किया तो एंबुलेंस के चालक ने गाड़ी को भगाना शुरू कर दिया। 
पुलिस को पीछा करते देखकर एंबुलेंस के चालक ने अपना वाहन कच्चे रास्तों से भगाना शुरू कर दिया और पुलिस भी पीछे लगी रही, करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद पुलिस ने एंबुलेंस को रोक लिया। एंबुलेंस में दो युवक सवार थे, उन्हें बाहर निकालकर तलाशी ली और पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम सुरेन्द्र रावत पुत्र इंद्र सिंह रावत निवासी बेलगढ़ा और दूसरे ने अपना नाम रोशन रावत पुत्र सुखोई लाल रावत निवासी शिवपुरी बताया।