एचडीएफसी बैंक ने मप्र सरकार की एमपीऑनलाइन के साथ समझौता किए

Aug 20 2024

ग्वालियर। एचडीएफसी बैंक ने मध्य प्रदेश सरकार की एमपीऑनलाइन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत, एचडीएफसी बैंक देश का पहला ऐसा वित्तीय संस्थान बन गया है जो एमपीऑनलाइन के माध्यम से अपनी बैंकिंग सेवाएं प्रदान करेगा। एमपीऑनलाइन मध्य प्रदेश सरकार की एक ई-गवर्नेंस पहल है जिसे एमपीऑनलाइन लिमिटेड द्वारा विकसित किया गया है।
इस समझौते के तहत, एमपीऑनलाइन अपने 55 जिलों में मौजूद 80 हजार एजेंटों के नेटवर्क के माध्यम से एचडीएफसी बैंक के 40 से अधिक उत्पादों और सेवाओं की पेशकश करेगा। इस साझेदारी से बैंक की राज्य में पहुंच बढ़ेगी और ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने में मदद मिलेगी।
समझौते पर एचडीएफसी बैंक के कार्यकारी उपाध्यक्ष और व्यवसाय प्रमुख (उत्तर, पूर्व और मध्य)  सत्येन मोदी और एमपीऑनलाइन के मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत राठी ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक के श्री मैराज उद्दीन ने कहा, हमें एमपीऑनलाइन के साथ हाथ मिलाकर खुशी हो रही है। हमारा प्रयास ग्राहकों को सर्वश्रेष्ठ बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना है।
एमपीऑनलाइन के प्रशांत राठी ने कहा, हमें एचडीएफसी बैंक के साथ साझेदारी करने और विकास की नई संभावनाओं को अनलॉक करने पर गर्व है। यह सहयोग हमें अपनी पेशकशों को बढ़ाने और राज्य के सभी नागरिकों को असाधारण मूल्य प्रदान करने में सक्षम बनाएगा।