गोलालारे जैन समाज ने मनाया सावन उत्सव का जश्न

Aug 19 2024

ग्वालियर। श्री दिगम्बर गोलालारे जैन समाज की महिला शाखा ने सावन उत्सव का आयोजन किया। यह आयोजन होटल शाह इम्पीरियल में किया गया, जिसमें सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक मनोरंजन का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा का जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीत गाते हुए डांडिया की धुनों पर थिरकते कदमों से डांस किया, मधुर गायन, आकर्षक नृत्य और हास्य से भरपूर शायरी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए आयोजित सावन क्वीन प्रतियोगिता में शालू जैन ने अपनी सुंदरता और प्रतिभा से सभी का दिल जीत लिया और विजेता का ताज अपने सिर पर सजाया। सुंदर मेहंदी का खिताब श्रीमती नेहा जैन को मिला, जबकि रश्मि जैन ने बेहतरीन हेयर स्टाइल के लिए पुरस्कार जीता।
श्री दिगम्बर गोलालारे जैन समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने आगामी क्षमावाणी पर्व की जानकारी देते हुए महिला समिति को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा आप सभी की मेहनत और समर्पण ने इस कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया है।
कार्यक्रम के अंत में मंजू अजय कुमार जैन की ओर से सभी महिलाओं को दिए गए रिटर्न गिफ्ट ने खुशियों को दोगुना कर दिया। आयोजन में ममता जैन, सरिता जैन, सारिका, मंजू जैन, श्वेता जैन व अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।