रक्षाबंधन पर घर पहुंचने निकले लोग, एसी कोचों के जनरल बोगी जैसे हालात

Aug 18 2024

ग्वालियर। रक्षाबंधन के त्योहार में घर पहुंचने के लिए निकलने वालों ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ा दी है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भीड़ का यह आलम है कि पैर रखने के लिए जगह नहीं है। सुपरफास्ट व एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी व रिजर्वेशन कोचों का नजारा जनरल बोगी की तरह नजर आ रहा है।
जबकि ट्रेन की जनरल बोगियों में तो गेट पर लटक कर सफर करना पड़ रहा है। यही हालत रोडबेज व प्राइवेट बस स्टैंड पर बसों का नजर आ रहा है। बीते तीन दिन में ग्वालियर में 50 से हजार से एक लाख यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।
रक्षाबंधन का त्योहार आज 19 अगस्त सोमवार को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के त्योहार पर भाइयों और बहनों के घर जा रहे यात्रियों की भीड़ के कारण रविवार को ट्रेनें व बसें पूरी तरह से फुल चल रही हैं। स्टेशन के प्लेटफार्म खचाखच भरे नजर आए। ट्रेन पकडऩे के लिए लोगों के बीच दिनभर धक्का-मुक्की होती रही। जनरल कोच के कई यात्री खड़े-खड़े यात्रा करने के लिए स्लीपर कोचों में सवार हो गए। इसके चलते स्लीपर के यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए आरपीएफ के जवान दिनभर स्टेशन पर भागादौड़ करते हुए नजर आए।
 बस स्टैंड पर भी भीड़, मनचाहा किराया मांगा
त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ग्वालियर रोडबेज व प्राइवेट बस स्टैंड पर भी यात्रियों की अच्छी खासी संख्या है। लोग बसों में भी सीट के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। इसका फायदा बस ऑपरेटर्स उठा रहे हैं। यात्रियों की संख्या को देखते हुए उन्होंने मनचाहा किराया वसूला है। भिंड, मुरैना, डबरा, दतिया व झांसी, टीकमगढ़ के लिए यात्रियों से 30 से 50 रुपए तक ज्यादा लिए हैं। अधिक किराया वसूलने के बाद भी खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।