78वाँ स्वतंत्रता दिवस प्रभारी मंत्री सिलावट ने मुख्य समारोह में किया ध्वजारोहण

Aug 16 2024

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 78वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर आयोजित हुए जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। 
प्रात: 9 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले वाहन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान व एसपी धर्मवीर सिंह के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने तीन बार हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस अमर रहे और राष्ट्रपति के जयकारे लगाए। 
प्रभारी मंत्री ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री सिलावट द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य समारोह में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ एवं एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैण्ड की मधुर धुन के साथ निकली संयुक्त परेड सभी के आकर्षण का केन्द्र रही। संयुक्त परेड में बीएसएफ टेकनपुर, सीआरपीएफ, द्वितीय वाहिनी एसएएफ, 13वीं व 14वीं वाहिनी एसएएफ, जिला पुलिस बल, जिला महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर बालक एवं बालिका, एनसीसी जूनियर बालक, स्काउट, गाईड, शौर्या दल व नगर रक्षा समिति की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर की भूमिका रक्षित निरीक्षक रणजीत सिंह सिकरवार व टूआईसी की भूमिका सूबेदार अखिल सिंह नागर ने निभाई। 
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वालों को सौंपे प्रशस्ति पत्र
समारोह के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सिलावट ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर चिकित्सा, शिक्षा, समाजसेवा, उन्नत खेती, पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली विभूतियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट ढंग से अपने कार्य को अंजाम देने वाले विभिन्न विभागों के शासकीय सेवकों को भी मुख्य अतिथि द्वारा इस अवसर पर प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।  
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांसद भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, सभापति मनोज सिंह तोमर व जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, संत कृपाल सिंह व भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी व मुन्नालाल गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, संभागायुक्तमनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक सुश्री कृष्णावेणी देशावतु, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, एसपी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत सीईओ विवेक कुमार, निगमायुक्त अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरूण कुमार व टीएन सिंह, वन मण्डलाधिकारी अंकित पाण्डेय, एएसपी के एम सियाज व गजेन्द्र वर्धमान सहित अन्य अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सुरक्षा बलों के जवान एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।