क्राइम ब्रांच ने हाथी दांत की तस्करी में चार आरोपी पकड़े, दो हाथी दांत बरामद

Aug 14 2024

ग्वालियर।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (इलाहाबाद) से हाथी दांत की तस्करी करने आए तीन तस्करों सहित चार लोगों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी हाथी दांत खरीदने वाला है। वन माफिया तस्कर गैंग से मिले दो हाथी दांत बेहद पुराने हैं और उनकी कीमत अन्तरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपए में हैं। हाथी दांत को डिटेल जांच के लिए देहरादून भेजा जाएगा। पकड़े गए तीन तस्करों ने बताया कि वह एक महीने पहले भी ग्वालियर आए थे, लेकिन उस समय डील क्रेक नहीं हो पाई थी। हाथी दांत खरीदने वाला दाल बाजार का व्यापारी है। हाथी दांत में वह कब से डील करने लगा यह पूछताछ की जा रही है। आरोपियों पर चोरी, वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत एक्शन लिया जा रहा है। पकड़े गए व्यापारी ने बताया कि आरोपियों ने उन पर इस तरह के 18 हाथी दांत उनके पास होने की बात कही थी। पुलिस अन्य हाथी दांत के बारे में पूछताछ कर रही है।
एसपी धर्मवीर सिंह को मुखबिर के जरिए पिन पॉइंट इंफॉर्मेशन मिली थी कि दाल बाजार स्थित तेजेंद्रनाथ की गली में चंद्रेश श्रीवास्तव के ऑफिस में हुकुमचंद गुप्ता को तीन तस्कर दो हाथी दांत बेचने आ रहे हैं। इस पर एसपी ने एएसपी सियाज केएम को उक्त तस्करों को अरेस्ट करवाने की टास्क दी गई। 
जिन्होंने क्राइम एएसपी आयुष गुप्ता, डीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार व टीआई अजय सिंह पंवार के मार्गदर्शन में एसआई शिशिर तिवारी को क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मौके पर पहुंचाया। जिसने बताए गए स्थान पर रेड कर वहां मौजूद चार लोगों को पकड़ लिया। जिनके पास से दो हाथी दांत बरामद हुए। जिनमें एक की लंबाई 2 फीट 3 इंच (साढ़े 12 किलो) और दूसरे की 2 फीट 1 इंच नापी गई।
क्राइम ब्रांच की टीम के हत्थे चढ़े तस्कर यूपी के हैं, जो ग्वालियर के कारोबारी को हाथी दांत बेचने आए थे। आरोपियों को थाने लाकर की गई पूछताछ में उन्होंने अपने नाम कृष्णकुमार पुत्र शंभूनाथ गुप्ता निवसी इलाहाबाद, हिमांशु पुत्र हरीश कुमार कुकरेजा निवासी आगरा, महेंद्रकुमर पुत्र भरतलाल सेठ निवासी इलाहाबाद तथा हुकुमचंद्र पुत्र भवानी शंकर गुप्ता निवासी दाल बाजार ग्वालियर बताए हैं। जिनके खिलाफ वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा पकड़े गए तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने व उन्हें कोर्ट से सजा दिलवाने के लिए उनसे बरामद हाथी दांत का वैरिफिकेशन करवाना आवश्यक था। जिससे वन विभाग के अफसरों को इसकी जानकारी देकर फॉरेस्ट की टीम को बुलवाया गया, जिसने हाथी दांत को जलाकर उसकी परख की।
इस बारे में एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है हाथी दांत बेचने आए तीन तस्करों सहित एक कारोबारी को पकड़ा है, जिनके कब्जे से दो हाथी दांत बरामद हुए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।