कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा आरंभ

Aug 10 2024

ग्वालियर। श्रावण मास की षष्ठी पुण्य अवसर पर कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस कथा व्यास आचार्य  देवेंद्र शर्मा महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा के महत्व को समझाया।
कलशयात्रा राधा कृष्ण मंदिर नया बाजार से आरंभ होकर राज पाएगा रोड होते हुए जैन छात्रावास पहुंची। कलश यात्रा में कथा परीक्षित बनवारी लाल गोयल सर पर श्रीमद् भागवत की पोथी लेकर चल रहे थे। पीतांबर वस्त्र धारी महिलाएं सर पर कलश रखकर मंगल गीत गाती हुई कलश यात्रा में सम्मिलित हुई इस दौरान बच्चे और बूढ़े सभी का उत्साह देखते ही बना।
पंडित देवेंद्र शर्मा महाराज ने प्रथम दिवस की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रीमद् भागवत कथा देव दुर्लभ है स्वर्ग में देवताओं को भी भगवान की कथा सुनने को नहीं मिलती है। कलयुग के मनुष्य को यह सुविधा प्रदान की गई है कि वह आसानी से भागवत कथा का श्रवण कर अपने कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। इसलिए जब भी कभी आपकी गली गांव के आसपास श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन हो रहा हो तो समय निकालकर कथा का श्रवण अवश्य करना चाहिए। हर रोज यहां दोपहर एक से पांच बजे तक भागवत कथा का आयोजन होगा।