पूर्व सरपंच के घर डकैती डालने आए आकाश गैंग के तीन बदमाश पकड़े, दो फरार

Aug 04 2024

ग्वालियर। दो दिन पहले पुलिस ने हत्या और लूट में आकाश जादौन को शॉर्ट एनकाउंटर में घायल करने के बाद पकड़ा था। आकाश जादौन गुंडा की गैंग के पांच सदस्य गत रात पुरानी छावनी में एक पूर्व सरपंच के घर डकैती डालने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने जिनमें से तीन बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र स्थित रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे की है। पुलिस को पकड़े गए बदमाशों से एक कट्टा, बका और लाठी मिली है। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के साथ ही पुलिस की एक टीम फरार बदमाशों की घेराबंदी में लगी हुई है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाश आकाश जादौन गिरोह के सदस्य है और पुलिस इनके हाथ आने के बाद इनके अन्य साथियों की तलाश में लगी हुई है।
सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश पुरानी छावनी रेलवे पुल के पास किसी वारदात को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए हंै। सूचना पर टीआई पुरानी छावनी विनय सिंह तोमर को निर्देशित किया। जिस पर दो जवानों को सूचना की तस्दीक के लिए पहुंचाया तो सूचना सही पाई गई। जवानों ने बताया कि चार से पांच बदमाश छुपे हुए हैं और यह कहीं डकैती डालने की योजन बना रहे हैं। इसका पता चलते ही दो पुलिस टीमें तैयार घेराबंदी की गई। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी शुरू की ही थी कि तभी बदमाशों को पुलिस का मूवमेंट की भनक लग गई। बदमाश पुलिस से बचने के लिए यहां वहां भागे। इसके बाद पुलिस ने भी पीछा किया और तीन बदमाशों को पकड़ लिया है। दो बदमाश हाथ से फिसल गए।
पुलिस पकड़ में आए बदमाशों की पहचान विवेक पुत्र हरनाम पाठक निवासी राजा की तोर सबलगढ़ मुरैना, शिवम पुत्र चरण सिंह जादौन निवासी सबलगढ़, नितिन पुत्र सुनील जादौन निवासी बनवार सबलगढ़ के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में भागने वाले बदमाशों की पहचान अभिषेक पुत्र वीरे किरार तथा हरिओम पुत्र महेश बाल्मीक निवासी जड़ेरूआ गोला का मंदिर के रूप में हुई है।
पकड़े गए बदमाशों के बारे में पुलिस को पता चला है कि वह काफी शातिर है और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज है। कई थानों की पुलिस को उनकी तलाश है। कई बार पुलिस ने इन्हें घेरा भी है, लेकिन हर बार पुलिस को यह चकमा देकर फरार हो जाते थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए बदमाश पूर्व सरपंच बरूआ वीरे किरार के घर डाका डालने आए थे। वह छुपकर रात गहराने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ कर रही है। आशंका है कि शहर की अन्य वारदात में खुलासा हो सकता है।
इस मामले में एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि तीन बदमाशों को पुरानी छावनी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए पकड़ा है, जबकि उनके दो साथी मौका पाकर भाग गए हंै। उनकी तलाश में पुलिस पार्टी दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। पकड़े गए बदमाश आकाश जादौन गिरोह के सदस्य है और वह तानसेन नगर में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।