कांवडिय़ों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 10 घायल, दो की मौत, तीन कांवडिय़ों को हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया

Jul 29 2024

ग्वालियर। मुरैना में टैंकर की टक्कर के बाद कांवडिय़ों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से दो कांवडिय़ों की मौत हो गई। 10 कांवडि़ए घायल हो गए। इनमें तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है। सभी लोग सोरों से कांवड़ भरकर ला रहे थे। हादसा सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे देवरी क्षेत्र में हुआ।
घटना से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक वाहनों की कतार लगी रही। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो सका।
मुरैना के सिंहोनिया क्षेत्र में खडिय़ाहार के पास गडिय़ा गांव के 18 लोग कांवड़ लाने के लिए सोरों गए थे। सभी लोग जल भर कर वापस लौट रहे थे। उनके साथी पैदल कांवड़ लेकर चल रहे थे, जबकि बाकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे देवरी गांव के पास ग्वालियर की तरफ से आ रहे टैंकर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से कांवडि़ए कांवड़ लेकर आ रहे थे। टैंकर की टक्कर के बाद यह पलट गई।
इसी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार छोटू 37 पुत्र भरतलाल और आशु 26 पुत्र रामनरेश शर्मा ट्रॉली के नीचे दब गए। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। यहां से तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कांवडि़ए सडक़ पर बैठ गए। उन्होंने जाम लगा दिया। उनके साथ आसपास के ग्रामीण आ गए। आधे घंटे में सडक़ पर वाहनों की कतार लग गई। 
चक्काजाम की सूचना पर एएसपी अरविंद ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवडिय़ों को समझाया, तब कहीं जाकर हालात सामान्य हो सके।