जीवन का एक-एक पल अमूल्य है, इसे व्यर्थ मत करो: माताजी

Jul 27 2024

ग्वालियर। कहा जाता है समय बड़ा बलवान होता है, लेकिन जो समय का सदुपयोग कर लेते हैं उनके जीवन में अच्छा समय आ जाता है, जीवन का एक-एक पल अमूल्य है, इसकी कीमत पहचानो, एक बार समय निकालने के बाद फिर वापस नहीं आता। व्यर्थ के विषय भोगों में समयको व्यर्थ मत करो, दिन भर के 24 घंटे में कुछ समय स्वचिंतन एवं आत्म साधना के लिए निकालो, तभी इस मनुष्य जीवन की सार्थकता होगी। यह उदगार शिरोल चौराहा स्थित साक्षी एनक्लेव परिसर में पूर्णमति माताजी ने आत्मबोध शिविर को संबोधित करते हुए दिए।
 माताजी ने कहा जब कुछ अच्छा कार्य करने का मन में आए तो यह मत सोच कल कर लूंगा, बल्कि तुरंत ही कर डालो, और कुछ बुरा करने का इरादा बने, तो उसे कार्य को कल पर टाल दो। माताजी ने णमोकार मंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि यह की शुरुआती ही णमो से होती है, णमो यानि नमन, धर्म की पहली सीढ़ी नमन है, धर्म शुरुआत ही नमन से होती है! माताजी ने कहा अनंत सिद्ध भगवान की आराधना में खोते चले जाओगे तो निश्चित ही विषय, विकार के दलदल से निकलकर आत्म कल्याण की ओर चल पड़ोगे।