पीएमश्री केवि क्रमांक1 में 53वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

Jul 26 2024

ग्वालियर। 53वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता भोपाल संभाग के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 ग्वालियर में खेल की प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. इंदु बोरा कुलपति लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान ग्वालियर एवं अध्यक्ष विद्यालय प्रबंधन समिति के मुख्य आतिथ्य में हुआ। 
केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राचार्य राजेश पांडेय द्वारा पौधा प्रदान कर मुख्य अतिथि डॉ. इंदु बोरा का हरित स्वागत किया गया। तत्पश्चात सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यालय के नन्हें नन्हें बालक बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत आओ सोने की चिडिय़ा के देश में प्रस्तुत किया गया। खिलाडिय़ों के प्रोत्साहन हेतु बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने समा बांधा। 
डॉ. इंदु बोरा ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए खेल मैदान में हर तरह की चुनौती के लिए तैयार रहने के लिए कहा। साथ ही खिलाड़ी को भावनात्मक तौर पर सफल या असफल होने की चुनौती के लिए सदैव सकारात्मक रूप से तैयार रहने की सलाह दी। विद्यालय परिवार की ओर से प्राचार्य द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. बोरा को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
इसके पश्चात गुब्बारे छोड़ते हुए 53वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। उप प्राचार्य केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 पवन जैन ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ. भारती यादव व विद्यालय के समस्त वरिष्ठ शिक्षक वृंद उपस्थित रहे। डॉ. एसके बघेल ने खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह का संचालन किया।