श्रीरुद्र महायज्ञ में बनेंगे साढ़े पांच करोड़ शिवलिंग

Jul 19 2024

ग्वालियर। श्रावण के पवित्र महीने में श्रीरुद्र महायज्ञ सेवा समिति व गुरूवाणी सेवा ट्रस्ट द्वारा 5 से 13 अगस्त तक श्रीरुद्र महायज्ञा का आयोजन किया जा रहा है, जिसका भूमिपूजन जीवाजी क्लब के सामने श्रीजी उत्सव वाटिका में शुक्रवार को धर्मपुरी मंदिर के संत रामेश्वरानंद एवं संत गोपाल शरणं के सानिध्य में वेदपाठी ब्राह्मणों ने कराया। श्रीरुद्र महायज्ञ में श्रीमद्भागवत कथा के साथ सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जाएगा तथा इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य मेला में विभिन्न बीमारियों के 5 हजार रोगियों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। 
संत रामेश्वरानंद ने कहा कि जब व्यक्ति के अनेक जन्मों के पुण्य उदय होते हैं,तब भगवान की पुनीत कथा आयोजन एवं श्रवण का अवसर मिलता है। ग्वालियरवासी भाग्यशाली हैं कि रुद्र महायज्ञ में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पार्थिव शिविलंग निर्माण का भी अवसर मिलेगा। इस अवसर पर जयारोग्य चिकित्सा समूह के सहयोग से 5 हजार नि:शुल्क ऑपरेशन कराए जाएंगे। आयोजन के समापन के बाद भी लक्ष्य प्राप्ति तक यह सेवा का प्रकल्प चलता रहेगा। रुद्र महायज्ञ में शहर के साथ अंचल भर के श्रद्धालु जुटेंगे। मुख्य यजमान पं.मनोज शर्मा ने कहा कि आयोजन के शुभारंभ अवसर पर 5 अगस्त को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। 
डॉ आरएस धाकड़ ने कहा कि इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य मेला में हर संभव सहयोग किया जाएगा। संचालन महेश मुद्गल ने किया। इस मौके पर अभय चौधरी, मनोज तोमर, जयसिंह कुशवाह, अशोक पटसारिया, पं हरगोविंद चौबे, डॉ मनु राजेश शर्मा, डॉ वंदना भूपेंद्र प्रेमी, ममता कटारे, रवि चौबे, डॉ अनिल शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।