बैग में बच्चे का शव मिला, हत्या की आशंका

Jul 19 2024

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत ट्रान्सपोर्ट में शुक्रवार सुबह एक ढाई से तीन साल के बच्चे का शव बैग में मिलने से क्षेत्र में हडक़प मच गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पिटठू बैग को खोलकर देखा तो पुलिस के भी हाथ-पैर कांप गए। बैग के अंदर डायपर पहने बच्चे का शव मिला। पता नहीं चल सका कि मासूम की मौत बीमारी से हुई है या फिर उसकी हत्या कर शव को बैग में रखकर फैंका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
शुक्रवार की सुबह बहोड़ापुर क्षेत्र स्थित ट्रान्सपोर्ट नगर में स्थानीय लोगों ने लावारिस पड़े बैग की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लावारिस पड़े बैग को खोला था उसमें तीन साल के आसपास के बच्चे का हाथ-पांव बंधा शव मिला।
आसपास जांच-पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने भी जांच पड़ताल की। बच्चे की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर बच्चे की शिनाख्त में जुट गई है।
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि बच्चे की हत्या कर उसके शव को बैग में रखकर फैंका गया है। हालांकि अभी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे ख्ंागाल रही है।