अब मांडरे की माता मंदिर की सीढिय़ों पर छात्रा ने ‘आंखें भी कमाल करती हैं’ पर बनाई रील

Jul 19 2024

ग्वालियर। शहर के ऐतिहासिक मांडरे की माता मंदिर की सीढिय़ों पर एक छात्रा का फूहड़ वीडियो यानि रील बनाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने मंदिर की सीढिय़ों पर डांस कर वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया है। वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद हिन्दु संगठनों ने कहा कि छात्रा ने देवी के मंदिर की मान मर्यादा भंग की है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। 
उल्लेखनीय है सिरोल स्थित कलेक्ट्रेट में एक छात्रा ने रील बनाई तो कलेक्टर ने बिना आज्ञा के सरकारी ईमारत, ऐतिहासिक भवन, मंदिर समेत तमाम जगहों पर रील बनाने पर रोक लगा दी। 
हालांकि कलेक्टर के आदेश को ठेंगा दिखाकर फिर एक कालेज छात्रा ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसके बाद अब कार्रवाई की बात कही जा रही है।
कलेक्ट्रेट की सीढिय़ों पर डांस का मचा था बवाल
एक महिला का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह कलेट्रेट गेट के सामने डांस कर रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद महिला के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई थी। इसके बाद साइबर सेल ने महिला को नोटिस देकर तुरंत वीडियो डिलीट करने का आदेश दिया। महिला ने वीडियो तो डिलीट कर दिया था। इसके बाद कलेक्टर रूचिका चौहान ने सरकारी विभागों के बाहर वीडियो रील प्रतिबंध को लेकर कड़े आदेश जारी कर दिए। 
जिलाधिकारी द्वारा जारी किए आदेश में लिखा था रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप, न्यायालय, शासकीय कार्यालय, पार्कों आदि जगहों पर बिना अनुमति के वीडियो, फोटो, रील आदि पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है। इसका उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 अन्य विधियों के तहत कार्रवाई की जाएगी। 
फिल्म ‘बंटी और बबली’ के गाने ‘आंखें भी कमाल करती है’ पर डांस कर रही थी। अब लोग इसे जिलाधिकारी के आदेश की अवहेलना मान रहे हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि जिलाधिकारी द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक छात्रा पर मुकदमा भी दर्ज हो सकता है।