एक्सीलेंस कॉलेज से युवा पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा: विधानसभा अध्यक्ष तोमर

Jul 14 2024

ग्वालियर। एक्सीलेंस कॉलेज में नई शिक्षा नीति के अनुरूप कोर्सेज शुरू होंगे। साथ ही सभी तरह के शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और युवा पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल होगा। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के उदघाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। मुरार स्थित श्याम लाल पाण्डवीय महाविद्यालय को प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद भारत सिंह कुशवाह ने की।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में आयोजित हुए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से ग्वालियर के एसएलपी कॉलेज सहित प्रदेश के 55 जिलों के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का ग्वालियर के श्याम लाल पाण्डवीय महाविद्यालय (एसएलपी कॉलेज) में आयोजित हुए जिला स्तरीय कार्यक्रम में सीधा प्रसारण हुआ। 
विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि मैं स्वयं इस महाविद्यालय का छात्र रहा हूँ। इसलिए एसएलपी महाविद्यालय को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाने की मुझे अत्यंत खुशी है। उन्होंने कहा कि यहां के आचार्यगणों से मिले संस्कारों की बदौलत ही मुझे विभिन्न प्रकार के दायित्वों का निर्वहन करने में सफलता मिली है।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने श्याम लाल पाण्डवीय महाविद्यालय को प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज बनाने के लिये केन्द्र व राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। 
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का उदघाटन करने पहुँचे विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने एसएलपी महाविद्यालय परिसर में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधा रोपा। संभागायुक्त मनोज खत्री, आईजी अरविंद सक्सेना एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने भी इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।