एक पेड़ अपने 50 साल के जीवन काल में देता है 16 करोड़ की सेवाएं-शुभम चौधरी

Jul 14 2024

ग्वालियर। देशभर में बढ़ते तापमान के बीच लोगों में पेड़ लगाने की खूब चर्चा हो रही है। इसी बीच दाना पानी फॉर बर्ड्स समूह ने रामकृष्ण आश्रम के छात्रों के साथ सिटी सेंटर स्थित शारदा बालग्राम में 350 पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में उपस्थित स्वामी ब्रह्म योगानंद ने कहा पेड़-पौधे भगवान स्वरूप सृष्टि के पालनहार हैं। इन्हें काटें नहीं बढ़ाये यही मनुष्य जाति से अपील है।
समाजसेवी शुभम चौधरी ने कहा एक अध्ययन के अनुसार एक पेड़ अपने 50 साल के जीवन काल में 16 करोड़ की सेवाएं देता है। एक पेड़ की आर्थिक कीमत कितनी होती है, यह जानने के शुरुआती प्रयास भारत में ही हुए थे। 1979 में कलकत्ता यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. तारक मोहन दास ने एक अध्ययन किया था, जिसमें उन्होंने एक पेड़ की कीमत बताई थी। 
दाना पानी फॉर बर्ड्स समूह के संयोजक राज चड्ढा ने पेड़-पौधों के फायदे बताते हुए कहा जितना पेड़-पौधों का रोपण आवश्यक है उतना ही संरक्षण। एक पेड़ 10 पुत्र समान है। एक दफा पुत्र कुपुत्र हो सकता है, पेड़ पौधे नहीं। अब से प्रत्येक रविवार दाना पानी फॉर बर्ड्स समूह शारदा बालग्राम श्रमदान करेगा। जिसमें नए पौधों का रोपण और जो रोपण किए है उनका संरक्षण करेगा।
वही डॉ. दास ने बताया था कि एक पेड़ अपने 50 साल के जीवन में 2 लाख डॉलर (1979 की दर) की सेवाएं देता है। इन सेवाओं में ऑक्सीजन का उत्सर्जन, भूक्षरण रोकने, मिट्टी उर्वरक बनाने, पानी रिसायकल करने और हवा शुद्ध करने जैसी सेवाएं शामिल हैं। अगर वर्तमान में 2 लाख डॉलर की गणना भारतीय रूपये में की जाए तो आज एक पेड़ की सेवाओं की कीमत करीब 16 करोड़ रुपए होती है।